RIL Share Price : बुधवार को शुरुआती कारोबार में रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में 2 प्रतिशत से ज्यादा की बढ़त देखने को मिली है। कंपनी ने भारत में सोशल मीडिया की दिग्गज कंपनी मेटा के पहले AI-इनेबल्ड डेटा सेंटर को विकसित करने के लिए मेटा के साथ साझेदारी की घोषणा की है। इसके चलते आज इस शेयर में जोरदार तेजी आई है। बुधवार सुबह के सेशन में BSE पर यह शेयर 2.39 प्रतिशत बढ़कर 1,300 रुपये पर पहुंच गया। मेटा के साथ हुए इस समझौते के तहत रिलायंस गुजरात के जामनगर में 168-मेगावाट का डेटा सेंटर बनाएगी। इस सेंटर को मेटा अपनी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और कंप्यूटिंग जरूरतों के लिए लीज़ पर लेगी।
दो साल के अंदर तैयार होगा डेटा सेंटर
उम्मीद है कि यह सेंटर दो साल के अंदर तैयार हो जाएगा और आगे इसके विस्तार की भी गुंजाइश होगी। रिलायंस इस प्रोजेक्ट के लिए एंड-टू-एंड सर्विस देगा,जिसमें डिजाइन,कंस्ट्रक्शन,यूटिलिटी मैनेजमेंट,रिन्यूएबल एनर्जी सप्लाई,नेटवर्क कनेक्टिविटी और मैनेज्ड सर्विस शामिल हैं।
पुराने कारोबारी रिश्तों के मिली मजबूती
इस करार से दोनों कंपनियों के बीच कारोबारी रिश्ते और मजबूत होंगे। इससे पहले भी रिलायंस और मेटा ने भारत और कुछ चुनिंदा विदेशी बाजारों में कंपनियों के लिए AI सॉल्यूशन विकसित करने के लिए एक जॉइंट वेंचर बनाया था। मेटा ने 2020 में 5.7 अरब डॉलर का निवेश करके जियो प्लेटफॉर्म्स में 9.99 प्रतिशत हिस्सेदारी भी खरीदी थी।
रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर मुकेश अंबानी का बयान
इस साझेदारी पर बोलते हुए रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर मुकेश अंबानी ने कहा कि यह प्रोजेक्ट जामनगर को हाइपरस्केल AI कंप्यूटिंग के लिए एक बड़े केंद्र के रूप में स्थापित करेगा और भारत की डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर क्षमताओं को मजबूत करेगा।
रिलायंस ने कहा कि जामनगर में इस डेटा सेंटर के होने के कई फायदे हैं। रिन्यूएबल एनर्जी की उपलब्धता,खारापन दूर किए गए पानी(डीसैलिनेटेड वॉटर) तक पहुंच,सबमरीन केबल लैंडिंग स्टेशनों के पास होना और जियो के फ़ाइबर नेटवर्क से कनेक्टिविटी, यह सब जामनगर की खासियत है, जिसका फायदा इस सेंटर को मिलेगा। यह फ़ैसिलिटी रिन्यूएबल एनर्जी से चलेगी और कूलिंग के लिए खारापन साफ किए गए समुद्री पानी का इस्तेमाल करेगी।
इस शेयर की चाल पर नजर डालें तो इसने पिछले एक हफ्ते में 2.43 फीसदी की गिरावट दर्ज की है। वहीं, 1 महीने में इसमें 10.60 फीसदी की कमजोरी देखने को मिली है। 3 महीने में यह शेयर 8.93 फीसदी गिरा है। वहीं, इस साल अब तक इसमें 18.29 फीसदी की कमजोरी आई है। जबकि, 1 साल में इसने 10.81 फीसदी निगेटिव रिटर्न दिया है। हालांकि, 3 साल में इसमें 3.35 फीसदी की बढ़त देखने को मिली है।
डिस्क्लेमर: नेटवर्क 18 मीडिया एंड इनवेस्टमेंट लिमिटेड पर इंडिपेंडेंट मीडिया ट्रस्ट का मालिकाना हक है। इसकी बेनफिशियरी कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज है।