फेसबुक (Facebook), इंस्टाग्राम (Instagram) और वाट्सऐप (Whatsapp) की पैरेंट कंपनी मेटा (Meta) ने भारत में अपना पहला एआई वाला डेटा सेंटर बनाने के लिए रिलायंस इंडस्ट्रीज (Reliance Industries) से हाथ मिलाया है। यह ऐसे समय में हुआ है, जब दुनिया भर में AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) को लेकर रेस चल रही है और मेटा अपनी कंप्यूटिंग कैपेसिटी का विस्तार करने पर काम कर रही है। यह कदम दोनों कंपनियों के बीच मजबूत होते रणनीतिक संबंधों को भी दिखाता है। इससे पहले दोनों कंपनियों ने भारत और देश के बाहर कुछ बाजारों के लिए एंटरप्राइज AI सॉल्यूशंस डेवलप करने के लिए एक ज्वाइंट वेचर भी बनाया था।
भारत में डेटा सेंटर बनाने के लिए क्या हुआ है सौदा
मेटा और रिलायंस के बीच हुई साझेदारी के तहत रिलायंस गुजरात के जामनगर में 168 मेगावाट का डेटा सेंटर डेवलप करेगी। इसे दो साल में पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया है। जरूरत पड़ने पर इसकी क्षमता को बढ़ाने का विकल्प भी रहेगा। इस प्रोजेक्ट के लिए रिलायंस डिजाइन, कंस्ट्रक्शन, यूटिलिटी मैनेजमेंट, रिन्यूएबल पावर, नेटवर्क कनेक्टिविटी और मैनेज्ड सर्विसेज समेत सभी एंड-टू-एंड सर्विसेज मुहैया कराएगी।
देश के डिजिटल इंफ्रा में एक बड़ा बदलाव लाने वाला पल
रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन और एमडी मुकेश अंबानी का कहना है कि मेटा के साथ साझेदारी देश के डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर में एक बड़ा बदलाव लाने वाला पल है। मेटा जैसी बड़ी ग्लोबल टेक्नोलॉजी कंपनी के लिए भारत का पहला 'बिल्ट-टू-सूट' डेटा सेंटर बनाना यह दिखाता है कि भारत ग्लोबल AI क्रांति में सबसे आगे रहने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि वर्ल्ड-क्लास डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर बनाने के लिए रिलायंस प्रतिबद्ध हैं जो एआई इनोवेशन की अगली पीढ़ी को आगे बढ़ाएगा, न सिर्फ भारत के लिए, बल्कि पूरी दुनिया के लिए। रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन ने कहा कि जामनगर हाइपरस्केल AI कंप्यूटिंग के लिए एक खास जगह बन जाएगा, और इस सोच को हकीकत में बदलने के लिए मेटा के साथ पार्टनरशिप करने पर रिलायंस को गर्व है।
मेटा के फाउंडर और सीईओ मार्क जुकरबर्ग का कहना है कि भारत में अपना पहला AI-इनेबल्ड डेटा सेंटर बनाने के लिए रिलायंस के साथ काम करने पर मेटा को गर्व है। उन्होंने कहा कि जामनगर में वर्ल्ड-क्लास फैसिलिटी मेटा को ग्लोबल लेवल पर अपने AI इंफ्रास्ट्रक्चर को बढ़ाने और साथ ही भारत की अर्थव्यवस्था में अपने लंबे समय के निवेश को और मज़बूत करने में मदद करेगी।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल, नेटवर्क18 ग्रुप का हिस्सा है। नेटवर्क18 का नियंत्रण इंडिपेंडेट मीडिया ट्रस्ट करता है, जिसकी एकमात्र लाभार्थी रिलायंस इंडस्ट्रीज है।