Gopal Snacks IPO Listing: नमकीन कंपनी गोपाल स्नैक्स (Gopal Snacks) के शेयरों की आज घरेलू मार्केट में फीकी एंट्री हुई। इसके आईपीओ को निवेशकों का अच्छा रिस्पांस मिला था और ओवरऑल 9 गुना से अधिक सब्सक्राइब हुआ था। आईपीओ के तहत 401 रुपये के भाव पर शेयर जारी हुए हैं। आज BSE पर इसकी 350 रुपये और NSE पर 351.00 रुपये पर एंट्री हुई है यानी कि आईपीओ निवेशकों को कोई लिस्टिंग गेन नहीं मिला बल्कि 12.71 फीसदी का घाटा हो गया। हालांकि शेयर फिर संभल गए। दिन के आखिरी में यह BSE पर 360.05 रुपये (Gopal Snacks Share Price) पर बंद हुआ है यानी कि आईपीओ निवेशक अब करीब 10 फीसदी घाटे में हैं। हालांकि एंप्लॉयीज कम घाटे में हैं क्योंकि उन्हें हर शेयर 38 रुपये के डिस्काउंट पर मिला है।
Gopal Snacks IPO को मिला था तगड़ा रिस्पांस
गोपाल स्नैक्स का ₹650 करोड़ का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 6-11 मार्च तक खुला था। इस आईपीओ को निवेशकों का अच्छा रिस्पांस मिला था और ओवरऑल यह 9.50 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इसमें क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए आरक्षित हिस्सा 18.42 गुना, नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) का हिस्सा 10.00 गुना और खुदरा निवेशकों का हिस्सा 4.22 गुना और एंप्लॉयीज का हिस्सा 7.27 गुना भरा था। इस आईपीओ के तहत 1 रुपये की फेस वैल्यू वाले 1,62,09,476 शेयरों की ऑफर फॉर सेल विंडो के तहत बिक्री हुई है। ऑफर फॉर सेल का पैसा शेयर बेचने वाले शेयरहोल्डर्स को मिलेगा।
वर्ष 1999 में बनी गोपाल स्नैक्स (गोपाल नमकीन) एथनिक और वेस्टर्न नमकीन बेचती है। इसके प्रोडक्ट्स की बिक्री दुनिया के कई देशों में होती है। इसकी छह मैनुफैक्चरिंग यूनिट्स हैं जिसमें से तीन प्राइमरी हैं और बाकी तीन एंसिलरी। कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो इसकी सेहत लगातार मजबूत हुई है। वित्त वर्ष 2021 में इसे 21.12 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा हुआ था जो अगले वित्त वर्ष 2022 में उछलकर 41.54 करोड़ रुपये और फिर वित्त वर्ष 2023 में उछलकर 112.37 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इस दौरान कंपनी का रेवेन्यू सालाना 11 फीसदी से अधिक की चक्रवृद्धि दर (CAGR) से बढ़कर 1,398.54 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। चालू वित्त वर्ष 2023-24 की बात करें तो पहली छमाही अप्रैल-सितंबर 2023 में इसे 55.57 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा और 677.97 करोड़ रुपये का रेवेन्यू हासिल हो चुका है।