GPT Infra Shares: बिकवाली के तूफान के बीच जीपीटी इंफ्राप्रोजेक्ट्स के शेयर आज रॉकेट बन गए। एक तरफ शुरुआती कारोबार में ही सेंसेक्स (Sensex) 800 प्वाइंट्स से अधिक टूट गया और निफ्टी भी फिसलकर 23800 के नीचे आ गया तो दूसरी तरफ जीपीटी इंफ्रा के शेयर रेल विकास निगम लिमिटेड (RVNL) के ₹484 करोड़ के प्रोजेक्ट के लिए सबसे कम बोली लगाने पर 9.18% उछल पड़े। यह 22 जून 2026 को 11.67% की तेजी के बाद इंट्रा-डे में सबसे अधिक तेजी रही। फिलहाल बीएसई पर यह 2.46% की बढ़त के साथ ₹110.50 पर है।
RVNL के किस प्रोजेक्ट के लिए GPT Infra ने लगाई सबसे कम बोली
जीपीटी इंफ्राप्रोजेक्ट्स ने रेल विकास निगम लिमिटेड (RVNL) के करीब ₹484 करोड़ के प्रोजेक्ट्स के लिए सबसे कम बोली लगाई है। कंपनी ने एक्सचेंज फाइलिंग में बताया कि उसे महानदी नदी के ऊपर एक बड़ा स्टील रेलवे ब्रिज बनाने का काम मिला है, जो Nergundi और Barang के बीच तीसरी-चौथी रेलवे लाइन बिछाने के प्रोजेक्ट का हिस्सा है। कंपनी के मुताबिक यह कॉन्ट्रैक्ट ₹410 करोड़ और जीएसटी मिलाकर कुल ₹483.7 करोड़ का है।
इससे पहले पिछले हफ्ते भी कंपनी को एक बड़ा ऑर्डर मिला था। कंपनी ने पिछले हफ्ते एक्सचेंज फाइलिंग में बताया था कि इसकी पूर्ण मालिकाना हक वाली सब्सिडरी एल्कॉन बिल्डर्स एंड इंजीनियर्स (Alcon Builders and Engineers) के ₹97.31 करोड़ के प्रोजेक्ट के लिए सबसे कम बोली लगाई थी। इसके तहत नॉर्थईस्ट फ्रंटियर रेलवे के कटिहार डिविजन के कई रेलवे स्टेशनों पर इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग सिस्टम लगाने का काम है।
एक साल में कैसी रही शेयरों की चाल
जीपीटी इंफ्राप्रोजेक्ट्स के शेयरों ने कम समय में ही जियोपॉलिटिकल टेंशन के बीच इस साल के शुरुआती महीनों में धड़ाधड़ कमाई करवाई थी। 30 जनवरी 2026 को बीएसई पर यह ₹96.00 के भाव पर था जोकि इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड निचला स्तर है। इस निचले स्तर से पांच महीने में यह 56.25% उछलकर 23 जून 2026 को ₹150.00 पर पहुंच गया जोकि इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड हाई लेवल है।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।