Symbiotec Share Price: एक तरफ घरेलू मार्केट में कोहराम मचा हुआ है और सेंसेक्स (Sensex) और निफ्टी (Nifty) औंधे मुंह गिर पड़े तो दूसरी तरफ सिंबॉयोटक फार्मालैब के शेयर रॉकेट बन गए। सिंबॉयोटेक के शेयर बिकवाली की आंधी के बीच 5% से ऊपर उछल पड़े। इसके शेयरों में यह तेजी ऐसे समय में आई है, जब लिस्टिंग के दिन बल्क डील्स के जरिए अमेरिका की इन्वेस्टमेंट फर्म थिंक इन्वेस्टमेंट्स की TIMF होल्डिंग्स ने सिंबॉयोटेक फार्मालैब के 3.77 लाख शेयर (0.58% हिस्सेदारी) ₹37.3 करोड़ में प्रति शेयर ₹989.2 के भाव पर खरीदे।
सिंबॉयोटेक के शेयरों के मौजूदा स्थिति की बात करें तो फिलाबल बीएसई पर यह 1.66% की बढ़त के साथ ₹1,114.15 पर है। इंट्रा-डे में यह 5.19% चढ़कर ₹1,152.80 तक पहुंच गया था। मार्केट के माहौल की बात करें तो शुरुआती कारोबार में आज सेंसेक्स 800 प्वाइंट्स से अधिक टूट गया था तो निफ्टी भी फिसलकर 23800 के नीचे आ गया था।
कैसा रहा Symbiotec के लिए पहला दिन
सिंबॉयोटक के ₹1757 करोड़ के आईपीओ को निवेशकों का धांसू रिस्पांस मिला था लेकिन लिस्टिंग ने निराश किया। इसके आईपीओ के तहत ₹988 के भाव पर शेयर जारी हुए थे और एक कारोबारी दिन पहले 1 सितंबर को एनएसई पर फ्लैट और बीएसई पर करीब 1% डिस्काउंट पर लिस्ट हुआ। लिस्टिंग के बाद टूटकर BSE पर यह ₹933.80 तक आया था, जिससे रिकवर होकर यह ₹1,173.80 तक पहुंचा। इस ऊपरी स्तर पर मुनाफावसूली के चलते भाव थोड़े नरम पड़े और दिन के आखिरी में यह ₹1095.95 (Symbiotec Share Price) पर बंद हुआ था।
इसके आईपीओ की बात करें तो ओवरऑल यह 75.08 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इस आईपीओ के तहत ₹150 करोड़ के नए शेयर जारी हुए हैं और बाकी शेयरों की ऑफर फॉर सेल विंडो के तहत बिक्री हुई है। नए शेयरों के जरिए जुटाए गए पैसों में से ₹112.50 करोड़ कंपनी कर्ज हल्का करने, ₹29.53 करोड़ आम कॉरपोरेट उद्देश्यों और ₹105.02 करोड़ आईपीओ से जुड़े एक्सपेंसेज पर खर्च करेगी।
सिंबॉयोटिक APIs (एक्टिव फार्मा इनग्रेडिएंट्स), न्यूट्रिशनल इनग्रेडिएंट्स और स्पेशल्टी प्रोडक्ट्स बनाती है। इसका कारोबार दुनिया भर में फैला हुआ है। कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो वित्त वर्ष 2024 में इसे ₹100.06 करोड़ का शुद्ध मुनाफा मिला था जोकि अगले वित्त वर्ष 2025 में घटकर ₹96.79 करोड़ रह गया और फिर अगले वित्त वर्ष 2026 में यह रिकवर होकर ₹109.90 करोड़ पर पहुंच गया। हालांकि इस दौरान कंपनी की टोटल इनकम लगातार बढ़ी और सालाना करीब 10% की रफ्तार यानी सीएजीआर से बढ़कर ₹872.26 करोड़ पर पहुंच गया। मार्च 2026 तिमाही के आखिरी में कंपनी पर ₹387.91 करोड़ का टोटल कर्ज था जबकि रिजर्व और सरप्लस में ₹1,145.95 करोड़ पड़े थे।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।