Grasim Industries Share Price: ग्रासिम इंडस्ट्रीज के शेयरों को 21 मई को पंख लग गए। सुबह में शेयर मजबूत खुला। उसके बाद उसमें लगातार तेजी दिखी। 1:45 बजे यह शेयर 6.25 फीसदी चढ़कर 3,156.90 रुपये पर चल रहा था। यह निफ्टी के सबसे ज्यादा तेजी वाले शेयरों में शामिल था। शेयरों में तेजी की वजह मार्च तिमाही में कंपनी का शानदार प्रदर्शन है। कंपनी के पेंट्स बिजनेस के शानदार प्रदर्शन ने ब्रोकरेज फर्मों का ध्यान आकर्षित किया है। मार्च तिमाही में कंपनी का लॉस घटा है। रेवेन्यू भी एनालिस्ट्स के अनुमान से ज्यादा रहा है।
मार्च तिमाही में लॉस में बड़ी गिरावट
आदित्य बिड़ला ग्रुप की इस कंपनी का मार्च तिमाही में स्टैंडएलोन लॉस 164 करोड़ रुपये रहा। एक साल पहले की समान अवधि में कंपनी को 288 करोड़ रुपये का लॉस हुआ था। स्टैंडएलोन EBITDA 47 फीसदी बढ़कर 659 करोड़ रुपये रहा। ऑपरेशंस से रेवेन्यू बढ़कर 11,774 करोड़ रुपये रहा। एक साल पहले की समान अवधि में यह 8,926 करोड़ रुपये था। ग्रुप लेवल पर ग्रोथ में सबसे ज्यादा हिस्सेदारी बिल्डिंग मैटेरियल बिजनेस खासकर अल्ट्राटेक सीमेंट और फाइनेंशियल सर्विसेज की रही।
मोतीलाल ओसवाल ने दी खरीदने की सलाह
ब्रोकरेज फर्म मोतीलाल ओसवाल ने ग्रामिस इंडस्ट्रीज के शेयरों को खरीदने की सलाह दी है। उसने शेयर के लिए 3,440 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है। उसने कहा है, "शॉर्ट टर्म में कॉस्ट प्रेशर का चैलेंज बना रहेगा, लेकिन बेहतर ऑपरेशंस, प्रोक्योरमेंट एफिशियंसीज और स्केल बेनेफिट्स से मार्जिन में इम्प्रूवमेंट हो सकता है।" ब्रोकरेज फर्म में अल्ट्राटेक सीमेंट से हाई डिविडेंड इनकम को देखते हुए FY27 के लिए कंपनी के ईपीएस का अनुमान बढ़ा दिया है।
3,500 रुपये तक जा सकता है शेयर
Choice Institutional Equities ने भी ग्रासिम के शेयरों के लिए 3,500 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है। उसने कहा है कि कंपनी के पेंट्स बिजनेस की सफलता के संकेत दिख रहे हैं। ग्रासिम इंडस्ट्रीज का शेयर बीते एक महीने में 14 फीसदी से ज्यादा चढ़ा है। हालांकि, बीते एक साल में शेयर का रिटर्न 17.22 फीसदी रहा है। 21 मई को ग्रासिम के शेयर में तब तेजी दिखी, जब शेयर बाजार दबाव में था। निफ्टी और सेंसेक्स में काफी उतार-चढ़ाव दिखा। 2 बजे निफ्टी 0.06 फीसदी गिरकर 23,645 पर चल रहा था। सेंसेक्स 186 अंक गिरकर 75,131 पर चल रहा था।
डिसक्लेमर: मनीकंट्रोल पर एक्सपर्ट्स की तरफ से व्यक्त विचार उनके अपने विचार होते हैं। ये वेबसाइट या इसके मैनेजमेंट के विचार नहीं होते। मनीकंट्रोल की यूजर्स को सलाह है कि उन्हें निवेश का फैसला लेने से पहले सर्टिफायड एक्सपर्ट्स की राय लेनी चाहिए।