ग्रेट ईस्टर्न (GE) शिपिंग कंपनी लिमिटेड के शेयरों में 28 सितंबर को दिन में करीब 5 प्रतिशत तक की बढ़त दिखी। BSE पर शेयर 1,567.95 रुपये के हाई तक गया। बाद में 2 प्रतिशत से ज्यादा बढ़त के साथ 1532.75 रुपये पर बंद हुआ। कंपनी का मार्केट कैप बढ़कर 22500 करोड़ रुपये से ज्यादा हो गया है। तेजी के पीछे एक वजह यह है कि ब्रोकरेज फर्म नोमुरा ने इस स्टॉक पर कवरेज शुरू किया है। रेटिंग 'बाय' दी है और टारगेट प्राइस 1,965 रुपये प्रति शेयर रखा है। यह शेयर के बंद भाव से 28 प्रतिशत ज्यादा है।
ब्रोकरेज का कहना है कि GE शिपिंग एक साइक्लिकल कंपाउंडर है और इसके पास ग्रोथ के अगले चरण के लिए काफी कैश मौजूद है। यह शिपिंग सेक्टर में आने वाली मंदी (डाउनसाइकिल) का सामना करने के लिए अच्छी स्थिति में है। GE शिपिंग स्टॉक को इस वक्त 3 एनालिस्ट कवर कर रहे हैं। तीनों ने 'बाय' रेटिंग दी है। सबसे ज्यादा टारगेट प्राइस नोमुरा का ही है।
GE Shipping पर नोमुरा के तर्क
ब्रोकरेज का कहना है कि GE शिपिंग कंपनी के मैनेजमेंट ने कई साइकिल्स में यह दिखाया है कि जब एसेट की कीमत कम हो तो वे टनेज खरीदते हैं और जब तेजी हो तो बेचते हैं। साथ ही कर्ज का स्तर कम रखते हैं और कंपनी के पास बची अतिरिक्त नकदी को शेयरधारकों को वापस करते हैं। जून 2026 तिमाही तक GE शिपिंग के पास 8,000 करोड़ रुपये का कैश था, जो इसकी नेट एसेट वैल्यू (NAV) का 30 प्रतिशत और मार्केट कैपिटलाइजेशन का 38 प्रतिशत है। ब्रोकरेज का मानना है कि जब साइकल नेगेटिव होगा, तो इस कैश का इस्तेमाल मौजूदा फ्लीट (जहाजों के बेड़े) को दोगुना करने के लिए किया जा सकता है।
शेयर एक साल में 54 प्रतिशत चढ़ा
शेयर एक साल में 54 प्रतिशत और साल 2026 में अब तक करीब 40 प्रतिशत मजबूत हुआ है। 2 सप्ताह में कीमत 8 प्रतिशत उछली है। 3 साल में शेयर 80 प्रतिशत और 5 साल में 330 प्रतिशत की बढ़त देख चुका है। शेयर की फेस वैल्यू 10 रुपये है। यह BSE 500 इंडेक्स का हिस्सा है। जून 2026 के आखिर तक GE शिपिंग कंपनी में प्रमोटर्स के पास 30.07 प्रतिशत हिस्सेदारी थी।
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।