HCLTech Q4 results: आईटी सर्विसेज कंपनी HCLTech ने 21 अप्रैल को अपने चौथी तिमाही (Q4) के नतीजे जारी किए, जो बाजार के अनुमान से कमजोर रहे। कंपनी का कहना है कि भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं के चलते क्लाइंट्स ने टेक खर्च में कटौती की, जिसका असर नतीजों पर दिखा।
मुनाफा बढ़ा, लेकिन अनुमान से कम
जनवरी-मार्च 2026 तिमाही में कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट 4% बढ़कर ₹4,488 करोड़ रहा। LSEG के आंकड़ों के मुताबिक एनालिस्टों को ₹4,657 करोड़ के मुनाफे की उम्मीद थी, यानी नतीजे अनुमान से कम रहे।
रेवेन्यू भी उम्मीद से कमजोर
HCLTech का कंसोलिडेटेड रेवेन्यू 12.3% बढ़कर ₹33,981 करोड़ हो गया। लेकिन यह भी एनालिस्टों के औसत अनुमान ₹34,236 करोड़ से कम रहा। इस अनुमान में जनवरी-मार्च तिमाही के दौरान रुपये में आई करीब 4% की गिरावट को भी शामिल किया गया था।
HCLTech ने ₹2 फेस वैल्यू वाले हर शेयर पर ₹24 का अंतरिम डिविडेंड घोषित किया है। इसके लिए रिकॉर्ड डेट 25 अप्रैल 2026 तय की गई है। डिविडेंड का भुगतान 5 मई 2026 को किया जाएगा।
कंपनी के CEO और मैनेजिंग डायरेक्टर सी विजयकुमार ने बताया कि कंपनी ने कंसटेंट करंसी में 3.9% की रेवेन्यू ग्रोथ दर्ज की, जो गाइडेंस से 10 बेसिस पॉइंट कम रही। वहीं ऑपरेटिंग मार्जिन 17.2% रहा, जो गाइडेंस के भीतर है।
उन्होंने कहा कि मांग का माहौल पूरी तरह स्थिर नहीं है, और कुछ बिजनेस सेगमेंट्स में क्लाइंट्स ने खर्च कम किया है। इसके अलावा, कई प्रोजेक्ट्स में फैसले लेने में देरी भी हुई, जिसका असर प्रदर्शन पर पड़ा।
AI बिजनेस में दिख रही तेजी
HCLTech के मुताबिक, AI आधारित सर्विसेज को बाजार में अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। चौथी तिमाही में एडवांस्ड AI से जुड़ा सालाना रेवेन्यू $62 करोड़ के पार पहुंच गया है, जो इस सेगमेंट में बढ़ती मांग को दिखाता है।
HCLTech का कहना है कि FY27 के लिए उसकी प्राथमिकता AI से जुड़े अवसरों का फायदा उठाने की है। इसके लिए कंपनी अपने बिजनेस मॉडल और क्षमताओं को मजबूत करने पर फोकस कर रही है, ताकि लंबे समय में ग्रोथ हासिल की जा सके।
HCLTech के शेयर सोमवार को 0.75% की बढ़त के साथ 1,439 रुपये पर बंद हुए। कंपनी का शेयर पिछले 6 महीने में 3.16% गिरा है। वहीं, इस साल इसने अब तक 11.96% नेगेटिव रिटर्न दिया है। कंपनी का मार्केट कैप 3.90 लाख करोड़ है।
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।