HDB फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड के स्टॉक की कीमत लिस्टिंग के बाद के अपने उच्चतम स्तरों को फिर से टेस्ट कर सकती है। ब्रोकरेज फर्म जेफरीज ने अपने लेटेस्ट नोट में स्टॉक के लिए एक बड़ी बढ़त का अनुमान लगाया है। ब्रोकरेज ने HDB फाइनेंशियल पर ₹900 के प्राइस टारगेट के साथ अपनी "बाय" रेटिंग बरकरार रखी है। यह टारगेट शेयर के क्लोजिंग प्राइस से 37% ज्यादा है। कंपनी के मैनेजमेंट का कहना है कि चौथी तिमाही यानि कि जनवरी-मार्च 2026 में अब तक डिमांड अच्छी रही है।
उम्मीद है कि नए वित्त वर्ष 2027 में एसेट्स अंडर मैनेजमेंट (AUM) 16% से 18% के बीच बढ़ेंगे। फंड की लागत में थोड़ी बढ़ोतरी के बावजूद मैनेजमेंट को उम्मीद है कि नेट इंटरेस्ट मार्जिन (NIMs) स्थिर रहेंगे। कलेक्शन में सुधार हुआ है, और क्रेडिट लागत जल्द ही 2.4% तक कम हो जाएगी। आगे यह और कम हो जाएगी। वित्त वर्ष 2028 तक कंपनी का रिटर्न ऑन एसेट्स (RoA) भी 2.5% तक बढ़ सकता है, और इसी टाइमफ्रेम में कमाई भी बेहतर होगी।
6 महीनों में 17 प्रतिशत चढ़ा HDB Financial Services शेयर
HDFC Bank की सब्सिडियरी HDB Financial Services का 12500 करोड़ रुपये का IPO 17.65 गुना भरा था। कंपनी के शेयर 2 जुलाई 2025 को शेयर बाजार में लगभग 13% प्रीमियम के साथ लिस्ट हुए थे। इसके बाद शेयर ने BSE पर 891.65 रुपये का रिकॉर्ड हाई देखा। शेयर पिछले 6 महीनों में 17 प्रतिशत की गिरावट देख चुका है।
18 मार्च को शेयर में तेजी है। BSE पर कीमत पिछले बंद भाव से 2 प्रतिशत तक उछलकर 658 रुपये के हाई तक गई। बाद में शेयर 655.45 रुपये पर सेटल हुआ। कंपनी का मार्केट कैप 54400 करोड़ रुपये से ज्यादा है। HDB फाइनेंशियल पर 14 एनालिस्ट्स का कवरेज है। इनमें से 50% या 7 ने "बाय" रेटिंग दी है। 6 ने "होल्ड" कहा है, जबकि एक ने स्टॉक पर "सेल" रेटिंग दी है।
HDB Financial Services का अक्टूबर-दिसंबर 2025 तिमाही में शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 36 प्रतिशत बढ़कर 644 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले यह 472 करोड़ रुपये था। रेवेन्यू बढ़कर 4,673 करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो दिसंबर 2024 तिमाही में 4,144 करोड़ रुपये था। दिसंबर 2025 तिमाही में ब्याज से आय बढ़कर 3,989 करोड़ रुपये और शुद्ध ब्याज आय बढ़कर 2,285 करोड़ रुपये हो गई। एसेट्स अंडर मैनेजमेंट सालाना आधार पर 12 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 1,14,853 करोड़ रुपये के रहे।
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।