HDFC AMC March Quarter Results: HDFC एसेट मैनेजमेंट कंपनी का जनवरी-मार्च 2026 तिमाही में शुद्ध कंसोलिडेटेड मुनाफा सालाना आधार पर लगभग 2.5 प्रतिशत गिरकर 622.66 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले मुनाफा 638.46 करोड़ रुपये था। तिमाही आधार पर मुनाफा 19 प्रतिशत कम रहा है। ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू एक साल पहले से 16.6 प्रतिशत बढ़कर 1051.51 करोड़ रुपये रहा। मार्च 2025 तिमाही में रेवेन्यू 901.36 करोड़ रुपये था।
कंपनी ने शेयर बाजारों को बताया है कि मार्च 2026 तिमाही के दौरान उसके कुल खर्च बढ़कर 229.48 करोड़ रुपये पर पहुंच गए। एक साल पहले खर्च 190.41 करोड़ रुपये के थे। मार्च 2026 के आखिर तक कंपनी में प्रमोटर्स के पास 52.37 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। HDFC AMC अगस्त 2018 में BSE, NSE पर लिस्ट हुई थी। इसका 2,800.33 करोड़ रुपये का IPO 82.99 गुना सब्सक्राइब हुआ था।
पूरे वित्त वर्ष 2026 के लिए HDFC AMC की वित्तीय सेहत
HDFC एसेट मैनेजमेंट कंपनी का वित्त वर्ष 2025-26 में शुद्ध कंसोलिडेटेड मुनाफा सालाना आधार पर 16 प्रतिशत बढ़कर 2858.06 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले मुनाफा 2460.19 करोड़ रुपये था। ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू लगभग 18 प्रतिशत बढ़कर 4122.16 करोड़ रुपये रहा। वित्त वर्ष 2025 में रेवेन्यू 3498.44 करोड़ रुपये था।
तिमाही और सालाना नतीजों की घोषणा के साथ ही HDFC AMC ने वित्त वर्ष 2026 के लिए 54 रुपये प्रति शेयर के फाइनल डिविडेंड का ऐलान किया है। इस पर अभी कंपनी की सालाना आम बैठक में शेयरहोल्डर्स की मंजूरी ली जाएगी। इस डिविडेंड के लिए रिकॉर्ड डेट अभी फिक्स नहीं हुई है। रिकॉर्ड डेट तक जिन लोगों के नाम शेयरों के लाभार्थी मालिकों के तौर पर रजिस्टर ऑफ मेंबर्स ऑफ द कंपनी या डिपॉजिटरीज के रिकॉर्ड्स में होंगे, वे डिविडेंड के हकदार होंगे।
HDFC AMC का शेयर 16 अप्रैल को BSE पर फ्लैट नोट पर 2662.60 रुपये पर बंद हुआ है। शेयर का भाव दिन में पिछले बंद भाव से 2 प्रतिशत तक टूटकर 2607.70 रुपये के लो तक गया। कंपनी का मार्केट कैप 1.14 लाख करोड़ रुपये है। शेयर की फेस वैल्यू 5 रुपये है। शेयर एक साल में लगभग 30 प्रतिशत चढ़ा है। 3 साल में यह 197 प्रतिशत की तेजी देख चुका है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।