Insurance Stocks: हेल्थ इंश्योरेंस और लाइफ इंश्योरेंस लेना सस्ता हो सकता है। इसकी वजह ये है कि इन पर अभी 18% की दर से जो GST (गुड्स एंड सर्विसेज टैक्स) लगाया जाता है, उससे इंडिविजुअल्स को राहत मिल सकती है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इंश्योरेंस पर जीएसटी ग्रुप ऑफ मिनिस्टर्स (GoM) ने प्रस्ताव पेश किया है कि हेल्थ और लाइफ इंश्योरेंस प्रीमियम को जीएसटी के दायरे से बाहर रखा जाए। इस प्रस्ताव पर बीमा कंपनियों के शेयर उछल पड़े। एसबीआई लाइफ (SBI Life), एचडीएफली लाइफ (HDFC Life), एलआईसी (LIC), आईसीआईसीआई लोम्बार्ड (ICICI Lombard), आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल (ICICI Prudential) 2% तक उछल गए।
कब से सस्ती होगी बीमा की किश्तें?
इंश्योरेंस पर जीएसटी ग्रुप ऑफ मिनिस्टर्स (GoM) ने प्रस्ताव दिया है कि अधिक से अधिक लोगों को इंश्योरेंस कवरेज देने और इसके प्रोडक्ट्स को किफायती बनाने के लिए हेल्थ इंश्योरेंस और लाइफ इंश्योरेंस को जीएसटी के दायरे से बाहर रखना चाहिए। अभी इन पर 18% की दर से जीएसटी लगती है। इंश्योरेंस प्रोडक्ट्स पर छूट मिलेगी या नहीं, इस पर राज्यों के साथ व्यापक चर्चा के बाद जीएसटी काउंसिल फैसला लेगी। ये बातें बिहार के डिप्टी सीएम और इंश्योरेंस कंवेनर सम्राट चौधरी ने बताई। हालांकि राज्य इसे लेकर काफी परेशान है क्योंकि उनकी चिंता ये है कि जीएसटी से इंश्योरेंस को बाहर कर दिया गया तो उन्हें रेवेन्यू का काफी नुकसान हो सकता है।
यह प्रस्ताव ऐसे समय में आया है, जब पीएम मोदी ने इस स्वतंत्रता दिवस लालकिला की प्राचीर से ऐलान किया था कि दिवाली से पहले जीएसटी रिफॉर्म पेश किया जाएगा। अधिकतर रिपोर्ट्स के मुताबिक इसके बाद से अनुमान लगाया जा रहा है कि जीएसटी के दो अहम स्लैब हो सकते हैं-5% और 18%। वहीं सिन टैक्स रेट 40% तक हो सकता है।
छूट का सबसे अधिक फायदा किस स्टॉक को?
घरेलू ब्रोकरेज फर्म एमके ग्लोबल का कहना है कि ग्रुप ऑफ मिनिस्टर्स ने जो सिफारिश की है, उसमें प्रोडक्ट्स कैटेगरी के कवरेज के दायरे और इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) को लेकर कुछ खास नहीं है लेकिन एक बात तो तय है कि रिटेल हेल्थ और हेल्थ इंश्योरेंस प्रोडक्ट्स की कीमतें नीचे आएंगी। एमके ग्लोबल का कहना है कि जीएसटी में कटौती का फायदा बीमा कंपनियों को ग्राहकों को देना होगा। ब्रोकरेज फर्म का कहना है कि इसे लेकर बाकी बीमा कंपनियों के मुकाबले सबसे तगड़ा फायदा एसबीआई लाइफ को मिलेगा क्योंकि इसका कॉस्ट स्ट्रक्चर बाकियों के मुकाबले कम है। ओवरऑल लाइफ और हेल्थ प्रोडक्ट्स के किफायती होने से इस पूरे सेक्टर की ग्रोथ की सपोर्ट मिलेगा।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।