शेयर बाजारों पर 1 अक्तूबर को भी दबाव दिखा। बाजार के प्रमुख सूचकांक अपने अहम सपोर्ट लेवल के करीब आ चुके हैं। इस गिरावट से इनवेस्टर्स मायूस हैं। ऐसे माहौल में भी कुछ ऐसे शेयर्स हैं, जिन्होंने निवेशकों को जबर्दस्त मुनाफा दिया है। हीरो मोटर्स का शेयर इनमें शामिल है। इस शेयर ने करीब एक हफ्ते में निवेशकों का पैसा दोगुना कर दिया है।
सिर्फ दो सत्रों में 22 फीसदी उछला शेयर
Hero Motors के शेयरों में 1 अक्तूबर को भी जबर्दस्त तेजी दिखी। यह शेयर 12 बजे 9.20 फीसदी चढ़कर 166.63 रुपये पर चल रहा था। सिर्फ दो कारोबारी सत्र में यह शेयर करीब 22 फीसदी चढ़ा है। यह शेयर 23 सितंबर को अपने लिस्टिंग प्राइस से करीब दो गुना हो चुका है। इससे कंपनी के आईपीओ में पैसे लगाने वाले इनवेस्टर्स खुश हैं।
23 सितंबर को डिस्काउंट पर लिस्ट हुआ था शेयर
हीरो मोटर्स का आईपीओ 16 सितंबर को खुला था। यह 18 सितंबर को बंद हो गया था। कंपनी ने इनवेस्टर्स को प्रति शेयर 84 रुपये के प्राइस पर शेयर इश्यू किए थे। 23 सितंबर को शेयर इश्यू प्राइस से नीचे 82 रुपये पर लिस्ट हुए थे। लेकिन, लिस्टिंग के बाद इस शेयर में जबर्दस्त तेजी दिखी है। इससे करीब एक हफ्ते में शेयर का प्राइस दोगुना हो गया है। बाजार के कमजोर सेंटीमेंट के बीच ऐसे प्रदर्शन से शेयर ने बाजार को चौंकाया है।
दुनिया की कई दिग्गज कंपनियों हीरो मोटर्स की क्लाइंट्स
हीरो मोटर्स ऑटोमोटिव ऑरिजिनल इक्विपमेंट मैन्युफैक्चरर्स (OEM) के लिए इंजीनियर्सड पावरट्रेन सॉल्यूशंस की डिजाइनिंग और मैन्युफैक्चरिंग करती है। इसका ऑपरेशंस कई देशों में है, जिनमें अमेरिका, यूरोप और आसियान के देश शामिल है। इसके ग्राहकों में दुनिया की कई दिग्गज कंपनियां शामिल हैं। इनमें BMW AG, Ducati Motor Holding, Enviolo International, Formula Motorsport और HWA AG शामिल हैं।
1 अक्टूबर को भी शेयर बाजारों पर दिखा दबाव
1 अक्तूबर को शेयर बाजारों पर दबाव देखने को मिला। 12 बजे निफ्टी 0.24 फीसदी यानी 52 अंक गिरकर 22,565 रुपये पर चल रहा था। सेंसेक्स 0.14 फीसदी यानी 103 अंक गिरकर 72,380 पर चल रहा था। आईटी स्टॉक्स में गिरावट ने बाजार पर दबाव बढ़ाया। हालांकि, बैंक निफ्टी में अच्छी तेजी दिखी। यह 0.70 फीसदी ऊपर चल रहा था। हालांकि, क्रूड ऑयल का प्राइस गिरकर 98 डॉलर प्रति बैरल से नीचे आ गया है।