गिरते बाजार में भी इन शेयरों ने दिखाया दम, बड़े ऑर्डर मिलने से आई 10% तक तेजी

19 अगस्त को लगातार छठे दिन शेयर बाजारों पर दबाव दिखा। निफ्टी और सेंसेक्स लाल निशान में थे। लेकिन, RailTel Corporation of India का शेयर 10 फीसदी तक चढ़ गया। हालांकि, बाद में शेयर में थोड़ी नरमी आई। 11:30 बजे यह 3.45 फीसदी चढ़कर 287 रुपये पर चल रहा था

अपडेटेड Aug 19, 2026 पर 12:02 PM
एचजी इंफ्रा इंजीनियरिंग के शेयरों को भी 19 अगस्त की सुबह पंख लग गए।

शेयर बाजारों में गिरावट के बीच भी कई शेयरों ने धमाल मचाया। कुछ शेयरों की कीमतें 10 फीसदी तक उछल गईं। दरअसल, बड़े ऑर्डर मिलने से इन कंपनियों के शेयरों में जोरदार तेजी आई। इनमें रेलटेल कॉर्पोरेशन, अटलांटा इलेक्ट्रिकल्स, एचजी इंफ्रा इंजीनियरिंग के शेयर शामिल थे।

रेलटेल कॉर्पोरेशन का शेयर 10 फीसदी तक उछला

19 अगस्त को लगातार छठे दिन शेयर बाजारों पर दबाव दिखा। निफ्टी और सेंसेक्स लाल निशान में थे। लेकिन, RailTel Corporation of India का शेयर 10 फीसदी तक चढ़ गया। हालांकि, बाद में शेयर में थोड़ी नरमी आई। 11:30 बजे यह 3.45 फीसदी चढ़कर 287 रुपये पर चल रहा था। इस साल यह शेयर करीब 23 फीसदी गिरा है। रेलटेल कॉर्पोरेशन को एंप्लॉयीज प्रोविडेंट फंड ऑर्गेनाइजेशन (EPFO) से 166.8 करोड़ रुपये का ऑर्डर मिला है।


बड़ा ऑर्डर मिलने का असर अटलांटा इलेक्ट्रिकल्स के शेयर पर भी

Atlanta Electricals के शेयरों को भी आज पंख लग गए। इसकी वजह कंपनी को मिला 193.92 करोड़ रुपये का एक लेटर ऑफ इंटेंट (LoI) है। यह ऑर्डर कंपनी को आंध्र प्रदेश के ट्रांसमिशन कॉर्पोरेशन से मिला है। इसके तहत कंपनी 160 एमवीए, 220/132 केवी ऑटो ट्रांसफॉर्म्स की 12 यूनिट की डिजाइनिंग, मैन्युफैक्चरिंग, टेस्टिंग और सप्लाई करेगी। अटलांटा इलेक्ट्रिकल्स का शेयर बाजार खुलते ही रॉकेट बन गया था। हालांकि, बाद में यह लाल निशान में आ गया।

इंटरआर्क बिल्डिंग के शेयरों को भी बड़ा ऑर्डर मिलने से लगे पंख

Interarch Building Solutions के शेयर में भी सुबह में जोरदार तेजी दिखी। इसकी वजह कंपनी को मिला 128 करोड़ रुपये का एक ऑर्डर है। यह ऑर्डर एक बड़ी एफएमसीजी कंपनी से मिला है। इसके तहत इंटरआर्क प्री-इंजीनियर्स मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी बनाएगी। यह प्रोजेक्ट 10 महीने में पूरा होगा। कंपनी का शेयर सुबह में 1,771 रुपये पर पहुंच गया था। बाद में तेजी थोड़ी सुस्त पड़ गई।

यह भी पढ़ें: Milky Mist Dairy Share Price: लगातार दूसरे दिन शेयर बना रॉकेट, 10% तेजी पर लगा अपर सर्किट

एचजी इंफ्रा इंजीनियरिंग को REC से मिला बड़ा ऑर्डर

एचजी इंफ्रा इंजीनियरिंग के शेयरों को भी 19 अगस्त की सुबह पंख लग गए। इसकी वजह कंपनी को मिला एक लेटर ऑफ इंटेंट (LoI) है। यह REC Power Development and consultancy से मिला है। इसके तहत कंपनी यूपी के मऊ और मिर्जापुर में दो सबस्टेशंस बनाएगी। 19 अगस्त की सुबह कंपनी का शेयर एक समय 559 रुपये पर पहुंच गया था। हालांकि, बाद में तेजी थोड़ी कम हुई। यह 5.32 फीसदी चढ़कर 534.70 रुपये पर चल रहा था।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।