High Return Stock: इस ज्वेलरी शेयर ने सिर्फ 6 महीने में चार गुना किया पैसा, आज लगा अपर सर्किट

High Return Stock: त्रिभुवनदास भीमजी जावेरी के शेयर ने बीते छह महीनों में निवेशकों का पैसा चार गुना किया है। इस साल 9 मार्च को इस शेयर का प्राइस 130.50 रुपये था। 8 सितंबर को शेयर 5 फीसदी चढ़कर 555.30 रुपये पर बंद हुआ

अपडेटेड Sep 08, 2026 पर 7:18 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
8 सितंबर को 5 फीसदी चढ़ने के बाद शेयर में अपर सर्किट लग गया।

High Return Stock: शेयर बाजार में कमजोरी के बावजूद कुछ शेयरों ने कमाल किया है। इनमें से एक शेयर त्रिभुवनदास भीमजी जावेरी का है। बीते छह महीनों में इस शेयर ने निवेशकों का पैसा चार गुना किया है। इस साल 9 मार्च को इस शेयर का प्राइस 130.50 रुपये था। 8 सितंबर को शेयर 5 फीसदी चढ़कर 555.30 रुपये पर बंद हुआ। 5 फीसदी चढ़ने के बाद इसमें अपर सर्किट लग गया। अगर आपने इस शेयर में मार्च की शुरुआत में एक लाख रुपये लगाया होता तो आज आपका पैसा बढ़कर चार लाख से ज्यादा हो गया होता।

जून तिमाही में कंपनी का अच्छा प्रदर्शन

Tribhovandas Bhimji Zaveri (TBZ) के शेयरों में लगातार तेजी की कई वजहें हैं। ज्लेवरी कंपनियों का प्रदर्शन जून तिमाही में अच्छा रहा है। इसका शेयर कंपनियों के शेयरों पर पड़ा है। इस दौरान कंपनी का टैक्स बाद प्रॉफिट साल दर साल आधार पर 56.9 फीसदी चढ़ा। ऑपरेशंस से रेवेन्यू 34.8 फीसदी बढ़ा। दूसरी ज्वेलरी कंपनियों का प्रदर्शन भी जून तिमाही में अच्छा रहा है। इससे इन कंपनियों के शेयरों में तेजी आई है।


अधिग्रहण की खबर से शेयरों को लगे पंख

TBZ के शेयरों में तेजी की वजह इसके अधिग्रहण की खबर है। जीआरटी ज्वेलर्स टीबीजेड में प्रमोटर्स की 74.12 फीसदी हिस्सेदारी का अधिग्रहण करेगी। यह डील प्रति शेयर 209 रुपये की कीमत पर होगी। जीआरटी ज्वेलर्स 1,033.7 करोड़ रुपये निवेश करेगी। GRT Jewellers ने बाकी 26 फीसदी हिस्सेदारी के लिए ओपन ऑफर का भी ऐलान किया है। इसके लिए प्रति शेयर 249.6 रुपये की कीमत तय की गई है। शेयर की 8 सितंबर की क्लोजिंग कीमत ओपन ऑफर के प्राइस से काफी ज्यादा है।

सोने की कीमतों में हालिया तेजी से भी मिला सपोर्ट

सोने की कीमतों में हाल में आई तेजी का असर भी TBZ जैसी कंपनियों के शेयरों पर पड़ा है। सोने की कीमत अपने 52 हफ्ते के सबसे निचले स्तर से 20 फीसदी से ज्यादा चढ़ी हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमत 8 सितंबर को हल्की गिरावट के साथ 4400 डॉलर प्रति औंस पर चल रही थी। आगे त्योहारी सीजन में गोल्ड ज्वेलरी की मांग स्ट्रॉन्ग रहने की उम्मीद है। उसके बाद शादियों का सीजन शुरू होगा। भारत में गोल्ड ज्वेलरी की कुल खरीदारी में शादी के लिए होने वाली खरीदारी की बड़ी हिस्सेदारी है।

यह भी पढ़ें: डिफेंस, इलेक्ट्रॉनिक्स और हेल्थकेयर शेयरों में बनेगा पैसा, मार्केट एक्सपर्ट मनीशी रायचौधरी ने बताई वजह

8 सितंबर को शेयर बाजारों में लगातार दूसरे दिन गिरावट 

टीबीजेड के शेयर में तब तेजी आई है, जब शेयर बाजारों में सेंटीमेंट लगातार कमजोर बना हुआ है। 8 सितंबर को लगातार दूसरे दिन शेयर बाजारों में गिरावट आई। निफ्टी 0.61 फीसदी यानी 144 अंक गिरकर 23,635 पर बंद हुआ। सेंसेक्स 0.73 फीसदी यानी 555 अंक गिरकर 75,577 पर बंद हुआ। बैंक निफ्टी पर भी दबाव देखने को मिला।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।