Hindalco Industries Shares: आदित्य बिड़ला ग्रुप की कंपनी हिंडाल्को इंडस्ट्रीज (Hindalco Industries) के शेयर शुक्रवार 13 फरवरी को 5.5% गिरकर 909 रुपये पर आ गए। यह गिरावट कंपनी के दिसंबर तिमाही के नतीजों के ऐलान के बाद आया। दिसंबर तिमाही में हिंडाल्को का मुनाफा सालाना आधार पर 45% घटने के बाद निवेशकों ने मुनाफावसूली की। मुनाफे में गिरावट के पीछे कंपनी की अमेरिकी यूनिट नोवेलिस में आग लगने से जुड़ी दिक्कतों से जुड़े खर्चें बताए गए हैं।
दोपहर 11:15 बजे तक निफ्टी मेटल इंडेक्स करीब 3% की गिरावट के साथ कारोबार कर रहा था। हिंडाल्को इंडस्ट्रीज इसमें सबसे अधिक नुकसान उठाने वाला शेयर रहा।
ग्लोबल ब्रोकरेज फर्म सिटी (Citi) ने हिंडाल्को के शेयर को “न्यूट्रल” की रेटिंग देते हुए 1,000 रुपये का टारगेट प्राइस तय किया। सिटी के अनुसार, नोवेलिस में दिक्कतें, अधिक कैश फ्लो का असर और बढ़ता शुद्ध कर्ज, एल्युमिनियम सेक्टर में स्ट्रक्चरल तेजी के बावजूद दबाव बनाए हुए हैं,। हालांकि भारत में अपस्ट्रीम कारोबार तुलनात्मक रूप से स्थिर है।
वहीं, CLSA ने इस शेयर पर “आउटपरफॉर्म” की रेटिंग बरकरार रखी है और इसका टारगेट प्राइस 964.3 रुपये तय किया है। हालांकि, ब्रोकरेज ने भी नोवेलिस की कमजोर आय, बढ़ती लागत और नेगेटिव हेजिंग असर की ओर संकेत किया।
मेटल सेक्टर में व्यापक गिरावट
निफ्टी मेटल इंडेक्स के दूसरे शेयरों में भी शुक्रवार को दबाव देखा गया। नेशनल एल्यूमियन कंपनी (NLACO) करीब 4.7% तक गिर गया, हिंदुस्तान जिंक के शेयर में 4.49% की गिरावट आई और वेदांता का शेयर 3.9% तक फिसल गया। हिंदुस्तान जिंक में गिरावट हाल ही में चांदी की कीमतों में 11% तक आई कमजोरी के बाद देखी गई। वेदांता, हिंदुस्तान जिंक की प्रमोटर कंपनी है।
जनवरी में अमेरिका के मजबूत रोजगार आंकड़ों ने निकट भविष्य में फेडरल रिजर्व की दर कटौती की उम्मीदों को कमजोर किया है। अब बाजार की नजर अमेरिकी खुदरा महंगाई के आंकड़ों पर है, जो यह संकेत देंगे कि ब्याज दरों का रुख क्या रहेगा।
कम अमेरिकी ब्याज दरें आमतौर पर विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) के लिए इमर्जिंग बाजारों में निवेश को आकर्षक बनाती हैं। हालांकि, मौजूदा अनिश्चितता ने ग्लोबल लेवल पर मेटल शेयरों पर दबाव बनाया है।
2026 में अब तक हिंडाल्को का शेयर करीब 9% चढ़ चुका है, जबकि निफ्टी मेटल इंडेक्स में लगभग 6.5% की तेजी रही है।
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।