वेंदाता ग्रुप की कंपनी हिंदुस्तान जिंक ने 24 अप्रैल को मार्च तिमाही के नतीजों का ऐलान किया। इस दौरान कंपनी का स्टैंडएलोन प्रॉफिट 68 फीसदी बढ़कर 4,997 करोड़ रुपये रहा। कंपनी का स्टैंडएलोन प्रॉफिट एक साल पहले की समान अवधि में 2,976 करोड़ रुपये था। कंपनी ने प्रति शेयर 11 रुपये अंतरिम डिविडेंड का ऐलान किया है।
डिविडेंड के लिए 30 अप्रैल रिकॉर्ड डेट
कंपनी ने कहा है कि डिविडेंड के रिकॉर्ड डेट 30 अप्रैल तय की गई है। इसका मतलब है कि 30 अप्रैल तक जिन इनवेस्टर्स के डीमैट अकाउंट में हिंदुस्तान जिंक के शेयर होंगे, वे डिविडेंड के हकदार होंगे। कंपनी ने स्टॉक एक्सचेंज फाइलिंग में कहा है, "बोर्ड ने प्रति शेयर 11 रुपये अंतरिम डिविडेंड के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। यह प्रत्येक 2 रुपये फेसवैल्यू वाले शेयर पर 550 फीसदी का डिविडेंड है। वित्त वर्ष 2026-27 में इस पर कुल 4,648 करोड़ रुपये खर्च होंगे।"
साल दर साल आधार पर रेवेन्यू 49 फीसदी बढ़ा
ऑपरेशंस से कंपनी का रेवेन्यू मार्च तिमाही में 13,544 करोड़ रुपये रहा। यह साल दर साल आधार पर 49 फीसदी ग्रोथ है। यह एनालिस्ट्स के 11,999 करोड़ रुपये के अनुमान से ज्यादा है। मार्च तिमाही में कंपनी का EBITDA साल दर साल आधार पर 60 फीसदी बढ़कर 7,706 करोड़ रुपये रहा। सीएनबीसी-टीवी18 को पोल में एनालिस्ट्स ने एबिड्टा 7,177 करोड़ रुपये रहने का अनुमान लगाया था। एबिड्टा मार्जिन में एक साल पहले के मुकाबले 390 बेसिस प्वाइंट्स का इजाफा हुआ।
नतीजों के बाद शेयरों पर दिखा दबाव
कंपनी के नतीजों के बाद इसके शेयरों में गिरावट दिखी। कंपनी का शेयर 0.46 फीसदी गिरावट के साथ 589 रुपये पर बंद हुआ। एक समय शेयर 2 फीसदी से ज्यादा गिर गया था। बाद में इसमें कुछ रिकवरी आई। कंपनी के नतीजे ज्यादातर पैमाने पर बेहतर रहे हैं। हालांकि, मार्जिन के मामले में निराशा हुई है। बीते एक महीने में यह शेयर 18 फीसदी चढ़ा है।