होम फर्स्ट फाइनेंस कंपनी इंडिया लिमिटेड के शेयरों में 26 फरवरी को शुरुआती कारोबार में 6 प्रतिशत तक की गिरावट आई। BSE पर शेयर 1170.15 रुपये के लो तक गया। बाद में 1176.25 रुपये पर सेटल हुआ। दरअसल एक ब्लॉक डील में कंपनी के 56.2 लाख शेयर बिके हैं। ये शेयर कंपनी की 5.4 प्रतिशत इक्विटी के बराबर हैं। डील की कुल वैल्यू 662.6 करोड़ रुपये रही। बायर और सेलर की आधिकारिक डिटेल अभी पता नहीं चली है।
CNBC-TV18 ने बुधवार को सूत्रों के हवाले से बताया था कि कंपनी की 6.8 प्रतिशत इक्विटी की बिक्री हो सकती है। ट्रू नॉर्थ फंड V LLP और एथर (मॉरिशस) लिमिटेड को संभावित सेलर बताया गया था। दिसंबर 2025 तिमाही के आखिर में ट्रू नॉर्थ के पास कंपनी में 7.45% हिस्सेदारी थी, जबकि एथर (मॉरिशस) के पास 4.9% हिस्सेदारी थी।
दोनों को कंपनी के शेयरहोल्डिंग पैटर्न के अनुसार प्रमोटर के रूप में क्लासिफाई किया गया है। पिछले साल अगस्त में वारबर्ग पिंकस ₹1,307 करोड़ में 10.64% हिस्सेदारी बेचकर होम फर्स्ट फाइनेंस कंपनी से एग्जिट कर गई थी। उस ट्रांजेक्शन के तहत कई बड़े फंड खरीदार थे।
Home First Finance का शेयर एक साल में 34 प्रतिशत मजबूत
होम फर्स्ट फाइनेंस का मार्केट कैप 12200 करोड़ रुपये से ज्यादा है। शेयर की फेस वैल्यू 2 रुपये है। शेयर एक साल में 33 प्रतिशत चढ़ा है। कंपनी में दिसंबर 2025 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 12.35 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। शेयर का BSE पर 52 सप्ताह का एडजस्टेड हाई 1,518.80 रुपये और एडजस्टेड लो 838.65 रुपये है। होम फर्स्ट फाइनेंस BSE, NSE पर फरवरी 2021 में लिस्ट हुई थी। इसका 1153.72 करोड़ रुपये का IPO 26.66 गुना सब्सक्राइब हुआ था।
होम फर्स्ट फाइनेंस का अक्टूबर-दिसंबर 2025 तिमाही में नेट प्रॉफिट 44 प्रतिशत बढ़कर 140.2 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले यह 97.7 करोड़ रुपये था। नेट इंटरेस्ट इनकम (NII) भी 44 प्रतिशत बढ़कर 234.8 करोड़ रुपये हो गई, जो दिसंबर 2024 तिमाही में 163.1 करोड़ रुपये थी।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।