Honasa Share Price: मामाअर्थ की पैरेंट कंपनी पर ब्रोकरेज बुलिश, 38% तक तेजी की उम्मीद
Honasa Share Price: मामाअर्थ की पैरेंट कंपनी होनासा कंज्यूमर पर ब्रोकरेज फर्मों का भरोसा लगातार बढ़ रहा है। मजबूत नतीजों, तेजी से बढ़ते ब्रांड पोर्टफोलियो और मुनाफे में सुधार के दम पर कुछ एनालिस्ट शेयर में 38% तक की संभावित तेजी देख रहे हैं।
होनासा कंज्यूमर का शेयर बुधवार को 0.99% से ज्यादा चढ़कर 412 रुपये के आसपास पहुंच गया।
Honasa Share Price: मामाअर्थ की पैरेंट कंपनी होनासा कंज्यूमर को लेकर ब्रोकरेज फर्में लगातार बुलिश हैं। इसके ब्रांड स्किनकेयर, हेयरकेयर, बेबी केयर, कॉस्मेटिक्स और फ्रेगरेंस जैसे सेगमेंट में फैले हैं। इसी वजह से कंपनी को भारत की प्रमुख डिजिटल-फर्स्ट ब्यूटी और पर्सनल केयर कंपनियों में गिना जाता है।
ब्रोकरेज का मानना है कि कंपनी की मजबूत ग्रोथ, ऑफलाइन विस्तार और मुनाफे में सुधार आने वाले वर्षों में शेयर को सहारा दे सकते हैं। कुछ ब्रोकरेज को इसमें 38% तक की संभावित तेजी नजर आ रही है।
SBI Securities क्यों है सकारात्मक?
SBI Securities के मुताबिक, होनासा ने ब्यूटी और पर्सनल केयर सेगमेंट में सात ब्रांड का मजबूत पोर्टफोलियो तैयार किया है। इसमें Mamaearth, The Derma Co., Aqualogica, BBlunt, Dr. Sheth's, Ayuga और Staze जैसे ब्रांड शामिल हैं।
ब्रोकरेज का कहना है कि कंपनी पहले डिजिटल प्लेटफॉर्म पर नए प्रोडक्ट्स लॉन्च करती है। बाजार से अच्छा रिस्पॉन्स मिलने के बाद उन्हें ऑफलाइन चैनल में विस्तार देती है।
चौथी तिमाही में कैसा रहा प्रदर्शन?
होनासा कंज्यूमर की आय वित्त वर्ष 2026 की चौथी तिमाही में सालाना आधार पर 23.2% बढ़कर 657 करोड़ रुपये रही। वहीं EBITDA और शुद्ध मुनाफा करीब 2.9 गुना बढ़ा।
EBITDA मार्जिन 11.7% पर पहुंच गया, जबकि वॉल्यूम ग्रोथ 30% रही। कंपनी का प्रमुख ब्रांड Mamaearth तिमाही के दौरान मिड-टीन्स ग्रोथ दर्ज करने में सफल रहा।
इंटरनेशनल और नए ब्रांड्स का सहारा
होनासा कंज्यूमर के फोकस कैटेगरी वाले कारोबार में करीब 35% की ग्रोथ हुई। वहीं नए और उभरते ब्रांड्स की ग्रोथ लगभग 40% रही।
SBI Securities का मानना है कि प्रीमियम प्रोडक्ट्स की बढ़ती मांग, लगातार इनोवेशन, ऑफलाइन विस्तार और बेहतर ऑपरेटिंग लीवरेज के चलते कंपनी का आउटलुक मजबूत बना हुआ है। ब्रोकरेज ने शेयर पर 'Buy' रेटिंग के साथ 475 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है।
Jefferies ने क्यों बढ़ाया भरोसा?
विदेशी ब्रोकरेज Jefferies का कहना है कि कंपनी अब पहले की ग्रोथ सुस्ती और इन्वेंट्री करेक्शन जैसी चुनौतियों से उबर चुकी है। ब्रोकरेज को उम्मीद है कि वित्त वर्ष 2026 से 2029 के बीच कंपनी की आय 18% CAGR और EBITDA करीब 23% CAGR की दर से बढ़ सकती है। Jefferies ने शेयर पर 565 रुपये का टारगेट दिया है। यह मौजूदा स्तर से करीब 38% की संभावित तेजी का संकेत देता है।
Emkay Global ने शेयर पर 500 रुपये का टारगेट दिया है। Antique Stock Broking का टारगेट 462 रुपये है। वहीं JM Financial ने 'Buy' रेटिंग के साथ 420 रुपये का टारगेट रखा है।
शेयर का प्रदर्शन कैसा रहा?
होनासा कंज्यूमर का शेयर बुधवार को 0.99% से ज्यादा चढ़कर 412 रुपये के आसपास पहुंच गया। कंपनी का मार्केट कैप 13,500 करोड़ रुपये से अधिक है। शेयर अपने 52 हफ्ते केहाई लेवल 424.55 रुपये के बेहद करीब कारोबार कर रहा है। पिछले एक महीने में इसमें करीब 20% और 2026 में अब तक लगभग 50% की तेजी आ चुकी है।
हाल ही में कंपनी ने चौथी तिमाही में 178% की सालाना बढ़ोतरी के साथ 69.44 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा दर्ज किया। वहीं आय 23% बढ़कर 675.09 करोड़ रुपये रही। कंपनी ने पहली बार 3 रुपये प्रति शेयर के डिविडेंड का भी ऐलान किया है।
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।