Bharti Airtel Q4 Result: मुनाफा दोगुना से ज्यादा बढ़कर हुआ 2008 करोड़ रुपये, आय में 22% का इजाफा

चौथी तिमाही में Bharti Airtel का मुनाफा 165 प्रतिशत बढ़कर 2,008 करोड़ रुपये और आय 22 प्रतिशत बढ़कर 31,500 करोड़ रुपये रही

अपडेटेड May 17, 2022 पर 5:06 PM
Bharti Airtel के स्टॉक में पिछले 1 साल में 31 प्रतिशत की तेजी दिखी है जबकि पिछले एक हफ्ते में 5 प्रतिशत की गिरावट नजर आई है

भारती एयरटेल लिमिटेड (Bharti Airtel Ltd (Airtel) ने आज यानी 17 मई को अपने चौथी तिमाही के नतीजे जारी कर दिये। सालाना आधार पर वित्त वर्ष 2021-22 (Q4FY22) की चौथी तिमाही में कंपनी का कंसोलिडेटेड शुद्ध मुनाफा 165 प्रतिशत बढ़कर 2,008 करोड़ रुपये रहा। जबकि एक साल पहले की समान अवधि में मुनाफा 759 करोड़ रुपये रहा था। वहीं तिमाही आधार पर कंपनी का मुनाफा अक्टूबर-दिसंबर की अवधि के दौरान हुए 830 करोड़ रुपये के मुनाफे से 142 प्रतिशत बढ़ गया है।

भारत में ग्राहकों की संख्या के आधार पर दूसरी सबसे बड़ी दूरसंचार कंपनी की कंसोलिडेटेड आय 22 प्रतिशत बढ़कर 31,500 करोड़ रुपये रही जबकि पिछले साल की समान तिमाही में कंपनी की आय 25,747 करोड़ रुपये रही थी। वहीं तिमाही आधार पर कंपनी आय पिछली तिमाही में दर्ज 29,867 करोड़ रुपये की आय से 5.5 प्रतिशत अधिक रही।

पूरे साल के आंकड़े पर नजर डालें तो अप्रैल-मार्च 2022 की अवधि यानी FY22 में कंपनी का कंसोलिडेटेड शुद्ध मुनाफा बढ़कर 4255 करोड़ रुपये रहा जबकि FY21 में कंपनी का मुनाफा 15,083 करोड़ रुपये रहा था।


बाजार में 1.6% की तेजी, इन 4 फैक्टर्स की वजह से ऊपर चढ़े भारतीय शेयर

अप्रैल-मार्च 2022 की अवधि यानी FY22 में कंपनी की कंसोलिडेटेड आय 16 प्रतिशत बढ़कर 1,16,547 करोड़ रुपये रही जबकि FY21 में कंपनी की आय 1,00,616 करोड़ रुपये रही थी।

कंपनी के मुनाफे में मजबूत वृद्धि आय में अच्छे प्रदर्शन की वजह से देखने को मिला है। पिछली दो तिमाहियों में सेक्टर द्वारा किए गए टैरिफ बढ़ोतरी के कारण सेल्स में वृद्धि हुई थी। इसका असर मार्च तिमाही में दिखाई देने की उम्मीद थी। कंपनी के लिए ARPU (प्रति उपयोगकर्ता औसत आय) में मजबूत वृद्धि के कारण से मुनाफे में इजाफा देखने को मिला।

Bharti Airtel का स्टॉक आज यानी 17 मई को नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (National Stock Exchange) पर 13.85 रुपये ऊपर चढ़कर 707. रुपये पर बंद हुआ। ये स्टॉक पिछले 1 साल में 31 प्रतिशत चढ़ा है। हालांकि पिछले एक हफ्ते में इसमें 5 प्रतिशत की गिरावट देखने को मिली है।

 

 

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।