BSE Shares : देश के अग्रणी स्टॉक एक्सचेंज बीएसई वित्त वर्ष 2021-22 के लिए प्रति शेयर 13.5 रुपये का फाइनल डिविडेंड देगी। कंपनी ने वित्त वर्ष 22 की चौथी तिमाही के नतीजे जारी करते हुए यह जानकारी दी है। इससे पहले कंपनी ने मार्च, 2022 में बोनस शेयर जारी करने का ऐलान किया था।
बीएसई ने एनएसई (NSE) में दी एक्सचेंज फाइलिंग में कहा, “11 मई, 2022 को हुई कंपनी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की मीटिंग में 2 रुपये फेस वैल्यू वाले प्रत्येक शेयर के लिए 13.50 रुपये के डिविडेंड के भुगतान की सिफारिश की गई है। इस प्रस्ताव पर आगामी एनुअल जनरल मीटिंग (AGM) में शेयरहोल्डर्स की मंजूरी लेनी होगी।”
मार्च तिमाही में दोगुने से ज्यादा प्रॉफिट
वहीं, बीएसई ने मार्च, 2022 में समाप्त तिमाही के दौरान 71.5 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट दर्ज किया जो बीते साल समान तिमाही के 31.7 करोड़ रुपये के नेट प्रॉफिट की तुलना में दोगुना ज्यादा है। इस अवधि के दौरान बीएसई का रेवेन्यू 152 करोड़ रुपये से बढ़कर 204 करोड़ रुपये हो गया।
कंपनी ने उन शेयरहोल्डर्स को एक इक्विटी शेयर के बदले में दो के अनुपात में 2 रुपये फेस वैल्यू वाले बोनस शेयर अलॉट कर दिए, जिनके नाम ‘रिकॉर्ड डेट’ यानी 22 मार्च, 2022 को रजिस्टर ऑफ मेंबर्स में दर्ज थे।
साल भर में दिया 191 फीसदी का दमदार रिटर्न
बीएसई के शेयरों (BSE shares) ने बीते एक साल के दौरान एनएसई पर 191 फीसदी से ज्यादा का रिटर्न दिया है, जबकि इस साल यानी 2022 में शेयर ने 12 फीसदी की मजबूती दर्ज की है।
1875 में स्थापित BSE (Bombay Stock Exchange) एशिया का पहला और भारत के प्रमुख एक्सचेंज ग्रुप्स में से एक है। यह एक्सचेंज 1875 में ‘द नेटिव शेयर एंड स्टॉक ब्रोकर्स एसोसिएशन’ के रूप में स्थापित किया गया था। 2017 में BSE
भारत का पहला लिस्टेड स्टॉक एक्सचेंज बन गया था।