Indo Amines Ltd Shares : इंडो एमाइंस लि. का शेयर गुरुवार को बीएसई पर इंट्राडे में 20 फीसदी की दमदार रैली के साथ 120 रुपये के स्तर पर पहुंच गया। कंपनी ने एक्सचेंज फाइलिंग में बताया कि उसे महाराष्ट्र के ठाणे और धुले स्थित अपने मैन्युफैक्चरिंग प्लांट्स में केमिकल प्रोडक्शन बढ़ाने के लिए पर्यावरण मंजूरी मिल गई है। इस खबर का उसके शेयर को फायदा मिल रहा है।
केमिकल का प्रोडक्शन बढ़ाएगी कंपनी
केमिकल बनाने वाली कंपनी बुधवार को एक्सचेंज फाइलिंग में कहा, “हमें यह बताते हुए खुशी हो रही है कि कंपनी को अपने ठाणे और धुले जिले स्थित मैन्युफैक्चरिंग प्लांट्स के लिए सिंथेटिक ऑर्गैनिक केमिकल के एक्सपेंशन के लिए पर्यावरण मंजूरी मिल गई है।”
क्या बनाती है Indo Amines
Indo Amines एक केमिकल बनाने वाली कंपनी है, जिसे फाइन केमिकल्स, स्पेशियल्टी केमिकल्स, परफॉर्मैंस केमिकल्स, परफ्यूमरी केमिकल्स और एक्टिव फार्मास्युटिकल्स इंडिग्रिएंट्स (एपीआई) में विशेषज्ञता हासिल है। 1992 में स्थापित मुंबई हेडक्वार्टर वाली कंपनी विभिन्न इंडस्ट्रीज में इस्तेमाल होने वाले फैटी एमाइन और एमाइन डेरिवेटिव्स बनाती है।
जून, 2022 में समाप्त तिमाही के दौरान कंपनी ने सालाना आधार पर कंसोलिडेटेड प्रॉफिट ऑफ्टर टैक्स में 19 फीसदी की ग्रोथ दर्ज की, जबकि रेवेन्यू में 46 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
नतीजों पर प्रतिक्रिया देते हुए इंडो एमाइंस के ज्वाइंट मैनेजिंक डायरेक्टर राहुल पालकर ने कहा, “मौजूदा वर्ष में, हमने अपनी ग्रोथ को बरकरार रखा है और एबिटडा मार्जिन में भी बढ़ोतरी की है। हमने ग्लोबल ईएसजी और स्थायित्व में भी खासा सुधार किया है। रणनीतिक पार्टनरशिप्स और क्षमताओं में सुधार से हम ग्रोथ को बरकरार रखने, शेयरहोल्डर्स की वैल्यू में बढ़ोतरी के लिहाज से अच्छी स्थिति में हैं।”