Coal India के शेयरों ने 3% के उछाल के साथ छुआ 52 वीक हाई, मजबूत नतीजों ने भरा जोश

कोल इंडिया ने बताया कि जून तिमाही में उसका रेवेन्यू 38.79 फीसदी बढ़कर 35,092.17 करोड़ रुपये रहा, जबकि पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू 25,282.75 करोड़ रहा था

अपडेटेड Aug 11, 2022 पर 12:35 PM
बीएसई पर आज यह स्टॉक बढ़त के साथ 226.00 रुपये पर खुला था और यह तेजी कायम रखते हुए इसने 226.10 रुपये का अपना 52 वीक हाई हिट किया।

Coal India  share hit 52 week high: आज इंट्राडे में कोल इंडिया (Coal India) के शेयरों ने 3 फीसदी की बढ़त के साथ अपना 52 वीक हाई टच किया। 30 जून 2022 को खत्म हुई तिमाही में मजबूत नतीजों ने इस स्टॉक में जोश भर दिया है।

बीएसई पर आज यह स्टॉक बढ़त के साथ 226.00 रुपये पर खुला था और यह तेजी कायम रखते हुए इसने 226.10 रुपये का अपना 52 वीक हाई हिट किया। फिलहाल 12.26 बजे के आसपास एसनएसई पर यह स्टॉक 0.90 रुपये यानी 0.41 फीसदी की गिरावट के साथ 218.95 रुपये के आसपास दिख रहा है। हालांकि इंट्राडे में इसमें 2.84 फीसदी की मजबूती देखने को मिली।

बता दें कि कोल इंडिया लिमिटेड (Coal India Ltd) का कंसॉलिडेटेड शुद्ध मुनाफा मौजूदा वित्त वर्ष की पहली तिमाही (अप्रैल-जून 2022) में 178.31 फीसदी बढ़ा है। कंपनी ने बताया कि जून तिमाही में उसका कंसॉलिडेटेड शुद्ध मुनाफा बढ़कर 8,834.22 करोड़ रुपये रहा, जबकि इसके पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में कंपनी को 3,174.15 करोड़ रुपये का कंसॉलिडेटेड शुद्ध मुनाफा हुआ था। कोल इंडिया लिमिटेड (CIL) ने बुधवार 10 अगस्त को जून तिमाही के नतीजे जारी किए।


कोल इंडिया ने बताया कि जून तिमाही में उसका रेवेन्यू 38.79 फीसदी बढ़कर 35,092.17 करोड़ रुपये रहा, जबकि पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू 25,282.75 करोड़ रहा था। बता दें कि सरकार के स्वामित्व वाली कोल इंडिया, सिर्फ भारत की नहीं बल्कि पूरे दुनिया की सबसे बड़ी कोल माइनिंग कंपनी है।

कोल इंडिया का कुल इनकम पहली तिमाही में बढ़कर 36,087 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 25,963 करोड़ रुपये था। वहीं कंपनी का कुल खर्च जून तिमाही में बढ़कर 23,985 करोड़ रुपये रहा, जो इसके पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 21,626.5 करोड़ रुपये था।

कोल इंडिया ने जून तिमाही में ई-नीलामी के जरिए 2.1 करोड़ टन की बिक्री की। कंपनी प्रति टन 4,340 रुपये का भाव हासिल करने में कामयाब रही। जून तिमाही में कोल इंडिया ने पावर सेक्टर को 15.24 करोड़ टन कोयले की सप्लाई भेजी, जो पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही के मुकाबले 19 फीसदी अधिक है।

यह भी पढ़ें-IRCTC के शेयर बेजान, जून तिमाही में रेवेन्यू 251% बढ़ने पर भी नहीं लौटी तेजी, जानिए अब निवेशक क्या करें

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।