IRCTC Shares Price: 11 अगस्त के शुरुआती कारोबार में IRCTC के शेयर कमजोरी के साथ कारोबार करते नजर आ रहे हैं। गौरतलब है कि कल ही कंपनी ने वित्त वर्ष 2023 के पहली तिमाही के नतीजे जारी किए थे जिसके मुताबिक इस अवधि में कंपनी का मुनाफा सालाना आधार पर करीब 3 गुने की बढ़ोतरी के साथ 245.52 करोड़ रुपये पर रहा है जो कि वित्त वर्ष 2022 की पहली तिमाही में 82.5 करोड़ रुपये पर रहा था।
30 जून 2022 को खत्म हुई पहली तिमाही में कंपनी की आय सालाना आधार पर 251 फीसदी की बढ़त के साथ 852 करोड़ रुपये पर रही है जो कि वित्त वर्ष 2022 की पहली तिमाही में 243 करोड़ रुपये पर रही थी। मजबूत नतीजों के चलते स्टॉक की EPS भी 3 गुने के उछाल के साथ 3.07 रुपये पर पहुंच गई है। ये कोविड से प्रभावित वित्त वर्ष 2022 की पहली तिमाही में 1.03 रुपये पर रही थी।
जून तिमाही में IRCTC की आय में 251 फीसदी की बढ़त देखने को मिली है इस बढ़त का कारण पिछले साल का लो बेस है। बता दें कि पिछले साल में जून तिमाही में देश कोरोना की दूसरी लहर से जुझ रहा था। IRCTC के शेयर प्राइस हिस्ट्री पर नजर डालें तो इस स्टॉक ने 19 अक्टूबर 2021 को 1,279.26 रुपये का 52 वीक हाई छुआ था जबकि इसने 19 अगस्त 2021 को 499.47 रुपये का अपना 52 वीक लो छुआ था। वर्तमान में यह स्टॉक 673 रुपये के आसपास नजर आ रहा है। इसका मतलब यह है कि अपने 52 वीक हाई से 47 फीसदी नीचे है जबकि 52 वीक लो से 34 फीसदी ऊपर है।
वर्तमान बाजार भाव पर यह स्टॉक अपने 5 , 10 , 20 , 50 और 100 days EMA के ऊपर कारोबार कर रहा है लेकिन 200 daysEMA के नीचे कारोबार कर रहा है। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या आपको इस स्टॉक में निवेश करना चाहिए?
प्रभुदास लीलाधर का कहना है कि यह स्टॉक वर्तमान में वित्त वर्ष 2024 के 12.5 रुपये के हमारे अनुमानित EPS अनुमान के 54 गुने पर ट्रेड कर रहाहै जिसको देखते हुए इस स्टॉक में होल्ड रेटिंग बनाए रखते हुए इसमें 649 रुपये का लक्ष्य दिया जा रहा है।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के नागराज शेट्टी का कहना है कि इस हफ्ते IRCTC के स्टॉक मे वीकली चार्ट पर मजबूत तेजी देखने को मिली है। वर्तमान में यह स्टॉक 638/667 रुपये के आसपास स्थित अपने 10 और 20 EMA के वीकली बाधा को तोड़ने की कोशिश कर रहा है। हाल में आए अपसाइड ब्रेकआउट के दौरान वॉल्यूम में भी बढ़त देखने को मिली है। इसके अलावा डेली 14-period RSI इस स्ट़़क में आगे तेजी आने का संकेत दे रहा है।
इस स्टॉक में वर्तमान भाव के आसपास खरीदारी शुरु की जा सकती है लेकिन यह खरीदारी किश्तों में करें। 650 रुपये के आसपास आने में इसमें और खरीदारी करें। अगले 3-5 हफ्तों में 730 रुपये औऱ उसके बाद 805 रुपये का भी लक्ष्य देखने को मिल सकता है। इस खरीद के लिए 630 रुपये का स्टॉपलॉस जरुर लगाएं।
मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सार्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।
(डिस्क्लेमर: नेटवर्क 18 मीडिया एंड इनवेस्टमेंट लिमिटेड पर इंडिपेंडेंट मीडिया ट्रस्ट का मालिकाना हक है। इसकी बेनफिशियरी कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज है।)