Data Patterns IPO : डाटा पैटर्न्स (इंडिया) लिमिटेड का पब्लिक इश्यू प्राइमरी मार्केट में आज यानी 14 दिसंबर को खुल गया है और यह सब्सक्रिप्शन के लिए अगले दो दिन तक खुला रहेगा। पब्लिक इश्यू में 240 करोड़ रुपये मूल्य के नए शेयर और प्रमोटर्स व शेयरहोल्डर्स द्वारा 59.52 लाख इक्विटी शेयरों के लिए लाया जा रहा ऑफर फॉर सेल (ओएफएस) शामिल है। कंपनी को ऊपरी प्राइस बैंड पर 588.22 करोड़ रुपये मिलने का अनुमान है। इस ऑफर के लिए, 2 रुपये की फेस वैल्यू पर प्रति शेयर 555-585 रुपये का प्राइस बैंड तय किया गया है।
24 दिसंबर को होगी लिस्टिंग
शेयरों के अलॉटमेंट को 21 दिसंबर को अंतिम रूप दिया जाएगा और असफल इनवेस्टर्स को 22 दिसंबर तक पैसा रिफंड कर दिया जाएगा। सफल बिडर्स को 23 दिसंबर को उनके डिमैट खातों में शेयर मिल जाएंगे। डाटा पैटर्न्स के शेयर बीएसई और एनएसई पर 24 दिसंबर को लिस्ट हो जाएंगे।
नए इश्यू से मिली धनराशि को कर्ज के रिपेमेंट, इसकी वर्किंग कैपिटल की फंडिंग और अपनी मौजूदा फैसिलिटीज के अपग्रेडेशन व विस्तार के अलावा सामान्य कॉरपोरेट उद्देश्यों में इस्तेमाल किया जाएगा।
कंपनी की 589 करोड़ रुपये की मजबूत ऑर्डर बुक, पिछले तीन साल से प्रॉफिट होने और विशेष क्षमताओं के चलते अहम डिफेंस प्रोजेक्ट्स में भागीदारी को देखते हुए ज्यादातर ब्रोकरेज ने इनवेस्टर्स को ‘लिस्टिंग गेन के लिए सब्सक्राइब’ करने की सलाह दी है।
ब्रोकरेज फर्म मारवाड़ी फाइनेंशिय सर्विसेज ने कहा, “इनोवेशन फोकस्ड बिजनेस मॉडल, प्रॉफिटेबिल ग्रोथ का मजबूत ट्रैक रिकॉर्ड और डिफेंस व एयरोस्पेस इंडस्ट्री से जुड़े विभिन्न प्रोडक्ट कैटेगरीज में बेहतरीन ऑर्डर बुक कंपनी को बेहद प्रतिस्पर्धी बनाती है।”
क्या हैं कंपनी से जुड़े रिस्क
हालांकि, ब्रोकरेज संकेत करते हैं कि प्रमोटर द्वारा स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के पास अपनी 26.2 फीसदी पेडअप कैपिटल गिरवी रखना और सीमित कस्टमर बेस पर निर्भरता से उसके बिजनेस की दीर्घकालिक संभावनाओं को लेकर रिस्क पैदा होता है। कंपनी के शीर्ष 5 कस्टमर्स उसके कुल रेवेन्यू में 88.79 फीसदी का योगदान करते हैं।
इस प्रकार, ज्यादा वर्किंग कैपिटल की जरूरत, कुछ ग्राहकों पर निर्भरता और प्रमोटर की गिरवी हिस्सेदारी को देखते हुए इस आईपीओ को ‘सब्सक्राइब (सतर्कता के साथ)’ की रेटिंग दी जाती है।
यस बैंक ने ‘लिस्टिंग गेन के लिए सब्सक्राइब’ की रेटिंग देते हुए कहा, “हमें लगता है कि डाटा पैटर्न की डिजाइन और प्रतिस्पर्धी कीमतों पर स्ट्रैटजिक डिफेंस व एयरोस्पेस सॉल्युशंस विकसित करने की क्षमता, योजना से लेकर निर्माण तक कस्टमर्स के साथ भागीदारी की क्षमता से उसे आने वाले वर्षों में अपनी ऑपरेटिंग क्षमताओं को भुनाने में मदद मिलेगी।”
एंकर इनवेस्टर्स को अलोकेशन
डाटा पैटर्न्स ने 13 दिसंबर को 176.5 करोड़ रुपये जुटाने के लिए 585 रुपये प्रति इक्विटी शेयर के प्राइस पर एंकर इनवेस्टर्स को 30,16,533 इक्विटी शेयरों के आवंटन को अंतिम रूप दे दिया।
एंकर बुक में एक्सिस म्यूचुअल फंड, अशोका इंडिया अपॉर्च्युनिटीज फंड, एचडीएफसी म्यूचुअल फंड, आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल, आदित्य बिड़ला सन लाइफ ट्रस्टी, निप्पॉन लाइफ, कोटक म्यूचुअल फंड, आईआईएफएल फोकस्ड इक्विटी फंड, पीजीआईएम इंडिया ट्रस्टी, टाटा म्यूचुअल फंड, एचडीएफसी लाइफ इंश्योरेंस, वोलराडो वेंचर पार्टनर्स और नोमुरा मुख्य पार्टिसिपैंट्स थे।
श्रीनिवासगोपालन रंगराजन और रेखा मूर्ति रंगराजन द्वारा स्थापित डाटा पैटर्न्स इंटिग्रेटेड डिफेंस और एयरोस्पेस सॉल्युशन प्रोवाइडर है, जो अंतरिक्ष, वायु, भूमि और समुद्र सभी से जुड़ी जरूरतें पूरी करती है।
डाटा पैटर्न्स हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लि. भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लि. के साथ ही डीआरडीओ जैसे डिफेंस और स्पेस रिसर्च से जुड़े सरकारी संगठनों के साथ काम करती है।