MapmyIndia IPO : मैपमाईइंडिया ब्रांड चलाने वाली सीई इन्फो सिस्टम्स (CE Info Systems) का इनीशियल पब्लिक ऑफरिंग (IPO) सब्सक्रिप्शन के तीसरे दिन 13 दिसंबर को 154.71 गुना सब्सक्राइब हो गया। आईपीओ वाच के मुताबिक, ग्रे मार्केट (grey market) में यह 1,050 रुपये के प्रीमियम पर कारोबार कर रहा है।
इससे 1,000-1,033 रुपये प्रति शेयर के इश्यू प्राइस के ऊपरी प्राइस बैंड पर 100 फीसदी से ज्यादा के प्रीमियम के संकेत मिलते हैं।
नॉन इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स का सबसे ज्यादा समर्थन
इश्यू को 70.44 लाख शेयरों के ऑफर साइज की तुलना में 108.98 करोड़ इक्विटी शेयरों के लिए बिड हासिल हुईं, जिसमें रिटेल इनवेस्टर्स ने अपने कोटे की तुलना में 15.20 गुना बिडिंग की। वहीं नॉन इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स ने रिजर्व पोर्शन की तुलना में 424.69 गुना और क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स ने 196.36 गुना सब्सक्राइब किया।
नई दिल्ली बेस्ड कंपनी एडवांस डिजिटल मैप्स, जिओस्पैटिअल सॉफ्टवेयर और लोकेशन बेस्ड आईओटी टेक्नोलॉजिस की अग्रणी प्रदाता है।
ज्यादातर ब्रोकरेज ने दी है अच्छी रेटिंग
एक्सिस बैंक और जेएम फाइनेंशिय ने इश्यू पर ‘न्यूट्रल’ रेटिंग दी है, वहीं एंजिल वन, बीपी वैल्थ, शेयरइंडिया और वेंचुरा सिक्योरिटीज ने ‘सब्सक्राइब’ की सिफारिश की थी। मोतीलाल ओसवाल, जीसीएल सिक्योरिटीज ने ‘लिस्टिंग गेन्स के लिए सब्सक्राइब’ की सिफारिश की है, जबकि आनंद राठी और प्रोफीशिएंट इक्विटीज ने ‘लॉन्ग टर्म गेन्स के लिए सब्सक्राइब’ की सलाह दी है।
मोतीलाल ओसवाल ने एक रिपोर्ट में कहा, “वित्त वर्ष 19-21 के दौरान मैपमाईइंडिया का रेवेन्यू/एबिट्डा/पीएटी 6 फीसदी/42 फीसदी/33 फीसदी सीएजीआर दर से बढ़ा है, वहीं वित्त वर्ष 22 की पहली छमाही मे यह क्रमशः 81 फीसदी, 308 फीसदी और 108 फीसदी बढ़ा है। उसका एबिट्डा मार्जिन भी तेजी से बढ़ रहा है, जो वित्त वर्ष 19 में 18.9 फीसदी था और वित्त वर्ष 22 की पहली छमाही में बढ़कर 45.2 फीसदी हो गया।”
इन वजहों से बना है ब्रोकरेज की पसंद
ब्रोकरेज मैपमाईइंडिया की डिजिटल मैपिंग, मजबूत एंट्री बैरियर्स, मजबूत प्रॉफिटेबिल डाटा और टेक प्लेटफॉर्म के साथ ही लगातार अच्छे नतीजों के चलते इसे खासा पसंद कर रहे हैं।
आनंद राठी ने कहा, “मार्केट लीडर होने के कारण मैपमाईइंडिया तेजी से बढ़ते ग्रोथ के अवसरों को भुनाने के लिए तैयार है। इसका फाइनेंशिय ट्रैक रिकॉर्ड भी शानदार है और मजबूत कैश फ्लो भी बना हुआ है। हालांकि, इसकी वैल्युएशन कुछ ज्यादा नजर आती है, इसलिए हम इस आईपीओ के लिए लॉन्ग टर्म को ध्यान में रखते हुए सब्रक्राइब की सलाह देते हैं।”
निवेशकों को 20 दिसंबर को मिल जाएंगे शेयर
कंपनी द्वारा 16 दिसंबर को अलॉटमेंट को अंतिम रूप दिए जाने का अनुमान है। असफल बिडर्स का रिफंड 17 दिसंबर को खाते में पहुंच जाएगा, वहीं सफल निवेशकों के डीमैट में 20 दिसंबर को शेयर पहुंच जाएंगे। कंपनी के शेयर 22 दिसंबर को एनएसई और बीएसई में लिस्ट होने का अनुमान है।
कंपनी के ग्राहकों में हैं कई बड़ी कंपनियां
मैपमाईइंडिया का डाटा एपल इंक के मैप्स और अमेजन इंक के अलेक्सा वॉयस असिस्टैंट से युक्त है। यह मैपमाईइंडिया और मैपल्स ब्रांड्स के तहत डिजिटल मैप डाटा, सॉफ्टवेयर व आईओटी की पूरी रेंज के लिए उत्पाद, एप्लीकेशन, एप्लीकेशन प्रोग्रामिंग इंटरफेसेस (एपीआई) और सॉल्युशन उपलब्ध कराती है। कंपनी के ग्राहकों में फोनपे, फ्लिपकार्ट, यूलू, एचडीएफसी बैंक, एयरटेल, ह्युंडई, एमजी मोटर, एविस, सेफएक्सप्रेस और गुड्स एंड सर्विसेज टैक्स नेटवर्क (जीएसटीएन) शामिल हैं।
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।