Dhani Services Share : मंगलवार को लगातार दूसरे दिन लोअर सर्किट लगने से धानी सर्विसेज का शेयर 82.80 रुपये के स्तर पर आ गया, जो बीएसई (BSE) पर उसका 52 हफ्ते का निचला स्तर है। फाइनेंशियल सर्विसेज कंपनी का स्टॉक पिछले दो ट्रेडिंग सेशन में 38 फीसदी और 2 मार्च, 2021 के 380 रुपये के अपने 52 हफ्ते के हाई से 78 फीसदी टूट चुका है।
दोपहर 1.05 बजे तक धानी सर्विसेज के 6.778 करोड़ शेयरों में सौदे हो चुके थे, जो उसकी कुल इक्विटी के 11 फीसदी के बराबर हैं। वहीं डाटा से पता चलता है कि एनएसई और बीएसई पर 25.2 लाख शेयरों के लिए ऑर्डर पेंडिंग हैं। इसकी तुलना में, एसएंडबी बीएसई सेंसेक्स 1.6 फीसदी कमजोरी के साथ 56,785 अंक पर था।
एक प्रमोटर के बिकवाली के बाद से टूट रहा है शेयर
एक्सचेंज के डाटा से पता चलता है कि 7 फरवरी, 2022 को तमारिंड कैपिटल प्रा. लि. द्वारा एक ब्लॉक डील के जरिये 153 रुपये प्रति शेयर के भाव पर 1 करोड़ शेयर बेचे जाने के बाद से धानी सर्विसेज (Dhani Services) का शेयर 46 फीसदी टूट चुका है। वहीं, बोफा सिक्योरिटीज ने धानी सर्विसेज की 97.5 लाख शेयर खरीदे थे।
धानी सर्विसेज ने 18 फरवरी, 2022 को स्टॉक एक्सचेंजेस को बताया था कि जैस्मीन कैपिटल इनवेस्टमेंट प्रा. लि. और तमारिंड कैपिटल प्रा. लि. ने अपनी कुल हिस्सेदारी 2 फीसदी अंक घटाकर 6.27 फीसदी की है, जो पहले 8.27 थी। कंपनी ने कहा, इन एंटिटीज ने 4 फरवरी, 2022 और 17 फरवरी, 2022 के बीच इन शेयरों की बिक्री की थी।
धानी की सब्सिडियरीज में ये कंपनियां हैं शामिल
कंपनी ने अपने धानी ऐप (Dhani App) के जरिये हेल्थकेयर और ट्रांजैक्शन फाइनेंस सर्विसेज आधारित सब्सक्रिप्शन को सक्षम बनाने वाली टेक्नोलॉजी उपलब्ध कराने के अपने अपने बिजनेस को ध्यान में रखते हुए 6 अक्टूबर, 2020 को अपना नाम ‘इंडियाबुल्स वेंचर्स लि.’ से बदलकर ‘धानी सर्विसेज लिमिटेड’ कर दिया था।
धानी सर्विसेज की सब्सिडियरीज में धानी लोंस एंड सर्विसेज, इंडियाबुल्स एसेट रिकंस्ट्रक्शन कंपनी, धानी स्टॉक्स, इंडियाबुल्स इनवेस्टमेंट एडवाइजर्स आदि शामिल हैं।