बुधवार 4 मई को इंट्रा-डे ट्रेड में बीएसई पर डिक्सन टेक्नोलॉजीस (Dixon Technologies) के शेयर 5 प्रतिशत फिसलकर 3,784.65 रुपये पर आ गए। इस तरह पिछले दो कारोबारी दिनों में स्टॉक में 14 प्रतिशत की गिरावट देखने को मिली है। कंपनी ने स्पष्ट किया कि प्रवर्तन निदेशालय (Enforcement Directorate(ED) द्वारा चीनी मोबाइल निर्माण कंपनी श्याओमी (Xiaomi) की संपत्ति जब्त करने के बावजूद कंपनी के कारोबार पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ा है।
कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनी का शेयर 24 अगस्त, 2021 को अपने 52-सप्ताह के निचले स्तर 3,760 रुपये के करीब कारोबार कर रहा था। यह 19 अक्टूबर, 2021 को 52-सप्ताह के उच्च स्तर 6,240 रुपये पर पहुंच गया था। आज दोपहर 12:55 बजे के दौरान ये शेयर 4 प्रतिशत की गिरावट के साथ 3,830 रुपये पर कारोबार कर रहा है। वहीं दूसरी तरफ S&P BSE Sensex 1.4 प्रतिशत नीचे कारोबार कर रहा था।
Dixon Technologies ने एक एक्सचेंज फाइलिंग में कहा "कंपनी के शेयर में उतार-चढ़ाव एलईडी टीवी व्यवसाय में हमारे एक प्रमुख ग्राहक के बारे में मीडिया में चल रहे हालिया समाचारों का नतीजा हो सकता है। हम एक्सचेंज में सूचित करना चाहते हैं कि इससे हमारे कारोबार पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ा है।"
पीटीआई के हवाले से बिजनेस स्टैंडर्ड ने खबर छापी है कि ईडी ने शनिवार को चीनी मोबाइल बनाने वाली कंपनी Xiaomi के 5,551 करोड़ रुपये से अधिक के फंड को भारतीय विदेशी मुद्रा कानून का उल्लंघन करने के आरोप में "जब्त" किया है।
ईडी के बयान के बाद Xiaomi Technology India Private Limited ने प्रेस रिलीज जारी करके कहा कि देश में कंपनी "स्थानीय कानूनों और विनियमों का सख्ती से पालन" कर रही है।
Xiaomi India के नाम से जानी जाने वाली कंपनी MI ब्रांड के तहत देश में मोबाइल फोन बनाती और बेचती है। एंजेसी के मुताबिक Xiaomi India चीन स्थित Xiaomi समूह की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी है। कंपनी के बैंक खातों में पड़ी 5,551.27 करोड़ रुपये की राशि को प्रवर्तन निदेशालय ने जब्त कर लिया है।
वहीं Dixon Technologies भारत में कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, लाइटिंग, घरेलू उपकरणों, मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक आइटमों का उत्पादन करती है। Xiaomi India कंपनी के बड़े ग्राहकों में से एक है।
डिस्क्लेमर: (यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।)