प्राइवेट सेक्टर के एक और बैंक ने आज यानी शुक्रवार 6 मई 2022 को अपने तिमाही नतीजे जारी कर दिये। फेडरल बैंक (Federal Bank) द्वारा जारी किये गये आंकड़ों के मुताबिक बैंक के मुनाफे में बढ़ोत्तरी देखने को मिली है। इसके अलावा बैंक की आय में भी बढ़ी है। बैंक के मुनाफे में 13.2 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
सालाना आधार पर वित्त वर्ष 2021-22 की चौथी तिमाही के लिए फेडरल बैंक का मुनाफा 13.2 प्रतिशत बढ़कर 541 करोड़ रुपये रहा जबकि पिछले वित्त वर्ष की चौथी तिमाही में बैंक का मुनाफा 478 करोड़ रुपये रहा था।
फेडरल बैंक ने रेग्युलेटरी फाइलिंग में कहा है कि सालाना आधार पर वित्त वर्ष 2021-22 की चौथी तिमाही के लिए बैंक की बढ़कर 3948.24 करोड़ रुपये रही जबकि पिछले वित्त वर्ष की चौथी तिमाही में बैंक की आय 3843.87 करोड़ रुपये रही थी।
वहीं पूरे वित्त वर्ष 2022 में बैंक का शुद्ध मुनाफा (स्टैंडअलोन) 18.8 प्रतिशत बढ़कर 1889.82 करोड़ रुपये रहा जबकि वित्त वर्ष 2021 में बैंक का मुनाफा 1590.30 करोड़ रुपये रहा था।
पूरे वित्त वर्ष 2022 में बैंक की आय बढ़कर 15749.85 करोड़ रुपये रही जबकि वित्त वर्ष 2021 में बैंक की आय 15716.61 करोड़ रुपये रही थी।
एसेट क्वालिटी पर निगाह डालें तो बैंक ग्रॉस एनपीए सुधरकर 2.80 प्रतिशत रहा जबकि पिछले साल की चौथी तिमाही में बैंक का ग्रॉस एनपीए 3.41 प्रतिशत रहा था।
वैल्यू के लिहाज से देखें को वित्त वर्ष 2022 की चौथी तिमाही में ग्रॉस एनपीए घटकर 4,136.74 करोड़ रुपये रहा जबकि पिछले वित्त वर्ष की चौथी तिमाही में ग्रॉस एनपीए 4,602.39 करोड़ रुपये रहा था।
इसी तरह बैंक का नेट एनपीए घटकर 0.96 प्रतिशत (1392.62 करोड़ रुपये) रहा जबकि पिछले वित्त वर्ष की चौथी तिमाही में नेट एनपीए 1.19 प्रतिशत (1569.28 करोड़ रुपये) रहा था।
इसी प्रकार वित्त वर्ष 2022 की चौथी तिमाही में बैड लोन और कंटीजेसीज के लिए बैंक का प्रोविजन घटकर 75.24 करोड़ रुपये रहा जबकि पिछले वित्त वर्ष की चौथी तिमाही में ये 254.49 करोड़ रुपये रहा था।
आज बीएसई पर फेडरल बैंक के शेयर 91.55 रुपये के आस-पास कारोबार कर रहे थे जो कि इसके पिछले बंद भाव से 2.71 प्रतिशत कम है।