IIFL Securities के संजीव भसीन ने CNBC-TV18 से हुई अपनी बातचीत में कहा है कि भारतीय बाजार जल्दी ही बॉटम आउट होते दिखेंगे। 1 हफ्ते या 10 दिन में तूफान गुजर जाएगा। उन्होंने इस बातचीत में आगे कि "मुझे लगता है कि हम बॉटम आउट होने के करीब हैं और ये भी हो सकता है कि हम पहले ही 15700 पर अपना बॉटम बना चुके हों। अब 23 मई (अगले सप्ताह सोमवार) से हमें ऊपर की ओर बढ़ना चाहिए। संजीव भसीन का ये भी मानना है कि भारत भीड़ में अकेला तन कर खड़ा है।
उन्होंने इस बातचीत में आगे कहा कि अमेरिका और पूरी दुनिया में क्या हो रहा है इससे हर चीज की तुलना नहीं की जा सकती। ग्लोबल इक्विटी मार्केट के इस उठापटक में भारतीय इक्विटी बाजार अभी भी तुलनात्मक रूप से सबसे बेहतर रिटर्न और कमाई के मौके देता नजर आ रहा है।
संजीव भसीन का मानना है कि एशियाई बाजार में भारत और चाइना सबसे बेहतर बाजार हैं। चाइना कोविड के चलते लागू लॉकडाउन के बाद एक बार फिर से खुलता नजर आ रहा है।
भारतीय बाजार एक महीने के ज्यादा की अवधि से लगातार दबाव से गुजर रहा है। ऐसे में बाजार को लेकर उत्साहित होना अपने में काफी आश्चर्य की बात है। लेकिन संजीव भसीन का कहना है कि इस समय बाजार में निवेश के शानदार मौके नजर आ रहे हैं। बाजार में इस समय तमाम क्वालिटी शेयर अच्छे वैल्यूएशन पर मिल रहे हैं लेकिन बाजार पर गिरावट का डर हावी है। इस समय हमें दूसरो के इसी डर को भुनाने की जरूत है।अगर आपको पैसे बनाने हैं तो आपको बाजार के इस डर को ही खरीदना होगा।
उन्होंने आगे कहा यह समय उन शेयरों में पैसे लगाने का है जिनमें आपका पूरा कन्विक्शन है। संजीव भसीन ने निवेशकों से अपील की वे भेड़-चाल का हिस्सा ना बनें और बाजार में टिके रहें। 18000 के लेवल पर हर कोई बुलिश नजर आ रहा था और इस समय अब हर कोई निफ्टी में 14000 के लेवल की बात कर रहा है। बाजार में पैसे कमाने के लिए आपको इस तरह के भेड़ -चाल से बचना होगा।
संजीव भसीन ने इस बातचीत में आगे कहा कि अमेरिकी बाजार में इस समय भारी उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। लेकिन क्रूड ऑयल की रैली अब थमती नजर आ रही है। मार्केट रूस और यूक्रेन संकट के निगेटिव असर को काफी हद तक पचा चुका है। जल्द ही यह संकट खत्म होता नजर आ सकता है। हमें लगता है कि 1 हफ्ते या 10 दिन में सारा तूफान गुजर जाएगा।
किन शेयरों में पैसा लगाने चाहिए? इस सवाल का जवाब देते हुए संजीव भसीन ने कहा कि इस समय Reliance, Maruti, Ashok Leyland, Hindustan Unilever और Godrej Consumer काफी सुरक्षित दांव नजर आ रहे हैं। रियल्टी स्टॉक भी काफी बेहतर दिख रहे हैं। इनका बुरा दिन बीत चुका है। रियल्टी कंपनियों की बिक्री में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। Godrej Properties और DLF बहुत ही सस्ते में मिल रहे हैं। इस समय बाजार में सस्ते में मिल रहे अच्छे शेयरों की सूची अंतहीन नजर आ रही है।
संजीव भसीन ने यह भी कहा है कि यह समय टेक शेयरों में खरीदारी के लिए बहुत ही अच्छा नजर आ रहा है। HCL Tech, Tech Mahindra और Persistent Systems में खरीदारी करनी चाहिए। Persistent Systems ने अभी हाल ही में अपना बैंकिंग सॉफ्टवेयर लॉन्च किया है। संजीव भसीन ने निवेशकों को यह सलाह भी दी कि वे इस समय किसी भी आईटी फंड में एक एसआईपी शुरू कर दें। अगले 6-18 हफ्तों में आपकी अच्छी कमाई होती नजर आएगी।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सार्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।
(डिस्क्लेमर: नेटवर्क 18 मीडिया एंड इनवेस्टमेंट लिमिटेड पर इंडिपेंडेंट मीडिया ट्रस्ट का मालिकाना हक है। इसकी बेनफिशियरी कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज है।)