Market outlook:बीते हफ्ते करीब 90 स्मॉलकैप स्टॉक में दिखी 10% से ज्यादा की तेजी, जानिए अगले हफ्ते कैसी रहेगी बाजार की चाल

Market outlook:11 मार्च को समाप्त हुए हफ्ते में सेंसेक्स 1,216.49 अंक यानी 2.23 फीसदी की बढ़त के साथ 55,550.3 के स्तर पर बंद हुआ.

अपडेटेड Mar 12, 2022 पर 11:09 AM
Story continues below Advertisement
बाजार की नजर अगले हफ्ते आने वाले भारत और अमेरिका के महंगाई आंकड़ों और बैंक ऑफ इंग्लैड और यूएस फेड के मीटिंग के नतीजों पर भी रहेगी.

11 मार्च को खत्म हुए हफ्ते में सेंसेक्स-निफ्टी में अच्छी रिकवरी देखने को मिली और यह 2 फीसदी से ज्यादा की बढत लेकर बंद होने में कामयाब रहे। पिछले हफ्ते लगातार 4 हफ्तों की गिरावट पर लगाम लगता नजर आया। गौरतलब है कि रूस और यूक्रेन के बीच चल रहा युद्ध पिछले कई दिनों से बाजार पर अपनी काली छाया डाले हुए है। जिसका असर पिछले हफ्ते कम होता दिखा।

कल यानी 11 मार्च को समाप्त हुए हफ्ते में सेंसेक्स 1,216.49 अंक यानी 2.23 फीसदी की बढ़त के साथ 55,550.3 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 385.15 अंक यानी 2.37 फीसदी की बढ़त के साथ 16,630.5 के स्तर पर बंद हुआ।

गए हफ्ते सभी सेक्टोरल इंडेक्स हरे निशान में बंद हुए । निफ्टी मीडिया और फार्मा इंडेक्स में 6 फीसदी की बढ़ोतरी देखने को मिली। वहीं आईटी और रियल्टी इंडेक्स में 3 फीसदी की बढ़त देखने को मिली। ब्रॉडर मार्केट पर नजर डालें तो बीएसई मिडकैप इंडेक्स में 3 फीसदी और स्मॉलकैप इंडेक्स में 3.2 फीसदी की बढ़त रही जबकि लॉर्जकैप इंडेक्स 2.2 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुआ।


Maruti Suzuki, Bosch जैसी 70 कंपनियां ऑटो कंपोनेंट PLI स्कीम के लिए चुनी गईं, जानिए पूरी डिटेल

इस हफ्ते एफआईआई ने भारतीय बाजारों में 24,688.44 करोड़ रुपये की बिकवाली की जबकि डीआईआई ने 17,729.12 करोड़ रुपये की खरीदारी की। वहीं मार्च महीने में अब तक एफआईआई ने 43,303.05 करोड़ रुपये की बिकवाली की है जबकि डीआईआई की तरफ से 30,329.05 करोड़ रुपये की खरीदारी हुई है।

करीब 90 स्मॉलकैप स्टॉक ऐसे रहे हैं जिनमें 10-38 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। इनमें Take Solutions, Dwarikesh Sugar Industries, BGR Energy Systems, IOL Chemicals, Khaitan Chemicals, Gujarat Ambuja Exports, HEG, Avadh Sugar & Energy, Reliance Infrastructure, Sarda Energy and Minerals, JK Paper और Gujarat Narmada Valley Fertilizers & Chemicals के नाम शामिल हैं।

हालांकि KBC Global,JK Cement, Elgi Equipments, GTPL Hathway, Future Lifestyle Fashions, Jindal Stainless, KEC International, Quess Corp और Future Retail जैसे शेयरों में 8-14 फीसदी की गिरावट रही।

अगले हफ्ते कैसी रहेगी बाजार की चाल

5paisa.com के रुचित जैन का कहना है कि पिछले हफ्ते की शुरुआत कमजोर ग्लोबल संकेतों के बीच कमजोरी के साथ हुई थी लेकिन बाजार में अच्छी रिकवरी देखने को मिली। अगर हम बाजार के हाल के आंकड़ो पर नजर डालें तो 16800 का लेवल निफ्टी के लिए बहुत अहम हो गया है। जो काफी लंबे समय तक इसका अहम सपोर्ट रहा लेकिन फरवरी के आखिरी हफ्ते में यह सपोर्ट टूट गया। उसके बाद बाजार में तेज पुलबैक आता नजर आया। इस पुलबैक में 16800 का लेवल जो कभी सपोर्ट था अब रजिस्टेंस लेवल बन गया। निफ्टी को अगर ऊपर की तरफ बढ़ना है तो उसको अब 16800 के बाधा को तोड़ना होगा।

उन्होंने आगे कहा है कि बाजार के हालिया उतार-चढ़ाव में रूस और यूक्रेन संकट मुख्य कारण है। इसके कारण कमोडिटी की कीमतों में तेज बढ़ोतरी देखने को मिल रही है और इक्विटी पर भी इसका असर आ रहा है। यूक्रेन -रूस के मोर्चे से आने वाली कोई अच्छी खबर ही बाजार को राहत दे सकती है जब तक निफ्टी 16800-17000 के जोन में स्थित बाधा को पार नहीं कर लेता तब तक ट्रेडरों को सलाह होगी कि चुनिंदा स्टॉक्स पर ही दांव लगाएं और बहुत एग्रेसिव होकर पोजिशन ना लें। फिलहाल अभी निफ्टी के लिए 16,350 और 16,200 के जोन में सपोर्ट नजर आ रहा है ।

Geojit Financial Services के विनोद नायर का कहना है कि अगले हफ्ते बाजार का फोकस कमोडिटी की कीमतों और रूस और यूक्रेन के बीच हुई कुटनीतिक प्रगति पर होगी। अगर ये दोनों ग्लोबल ट्रेंड पॉजिटिव रहते हैं तो भारतीय बाजार का प्रदर्शन अच्छा रहेगा। वहीं अगर यह दोनों ट्रेंड नेगेटिव रहते हैं तो बाजार में फिर अस्थिरता देखने को मिलेगी। इसके अलावा बाजार की नजर अगले हफ्ते आने वाले भारत और अमेरिका के महंगाई आंकड़ों और बैंक ऑफ इंग्लैड और यूएस फेड के मीटिंग के नतीजों पर भी रहेगी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।