महिंद्रा एंड महिंद्रा लिमिटेड (Mahindra & Mahindra Ltd) ने आज अपनी गाड़ियों के दामों पर 2.5% की वृद्धि करने की घोषणा की। कंपनी की दाम बढ़ाने की घोषणा से कंपनी द्वारा बनाई जा रही गाड़ियों की एक्स-शोरूम कीमतों पर 10,000 रुपये से लेकर 63,000 रुपये का फर्क पड़ेगा। हालांकि कंपनी द्वारा की जारी बढ़ोत्तरी मॉडल और वैरिएंट के आधार पर अलग-अलग रहेगी।
कंपनी द्वारा कहा गया है कि गाड़ियों की कीमत में वृद्धि आज यानी 14 अप्रैल, 2022 से ही प्रभावी होगी।
कंपनी ने कमोडिटी की कीमतों में अभूतपूर्व वृद्धि के प्रभाव को आंशिक रूप से ऑफसेट करने के लिए ये जरूरी पहल की है। इसके लिए कंपनी ने लागत वृद्धि का न्यूनतम प्रतिशत ग्राहकों के ऊपर डालते हुए कीमतों को रिवाइज किया है।
एमएंडएम (M&M) ने एक फाइलिंग में कहा, "स्टील, एल्यूमीनियम, पैलेडियम आदि जैसी प्रमुख कमोडिटीज की कीमतों में निरंतर वृद्धि के परिणामस्वरूप गाड़ियों की कीमतों में बढ़ोत्तरी करने का फैसला किया गया है।"
मिंट की खबर के मुताबिक कंपनी ने कहा कि वह अपने सेल्स और डीलर नेटवर्क के साथ मिल कर काम कर रही है ताकि अपने ग्राहकों को नई कीमतों के बारे में उचित तरीके से बताया जा सके।
वहीं कल यानी बुधवार 13 अप्रैल 2022 को बाजार बंद होने के समय 3.59 बजे NSE पर ये शेयर 0.62 प्रतिशत या 5.30 अंक ऊपर 866.10 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। इसका 52 हफ्ते का उच्चतम स्तर 979 रुपये और 52 हफ्ते का न्यूनतम स्तर 671.15 रुपये रहा है। कल इंट्राडे में कंपनी के शेयर ने 862.35 का लो और 875 का हाई स्तर छुआ।
BSE के आंकड़ों पर नजर डालें तो बुधवार 13 अप्रैल 2022 को बाजार बंद होने के समय 4.01 बजे बीएसई पर ये शेयर 0.55 प्रतिशत या 4.75 अंक ऊपर 865.60 के स्तर पर कारोबार कर रहा था।