एयर इंडिया (Air India) ने कहा कि एलायंस एयर (Alliance Air) अब एयर इंडिया की सहायक कंपनी नहीं है। Air India द्वारा ये घोषणा टाटा ग्रुप की कंपनी बनने के महीनों बाद की गई है। कर्ज में डूबी एयरलाइन कंपनी को खरीदने की बोली टाटा ग्रुप ने जीती थी। इसके बाद केंद्र द्वारा औपचारिक रूप से टाटा समूह को एयर इंडिया का मालिकाना हक सौंप दिया गया था।
Alliance Air के बारे में एयर इंडिया ने यह अहम अपडेट ट्विटर पर पोस्ट किया है।
एयर इंडिया ने आगे कहा कि यात्रियों को इस बात का ध्यान रखना चाहिए कि एयर इंडिया अब 15 अप्रैल से अलायंस एयर से संबंधित बुकिंग और कामकाज को हैंडल नहीं करेगी।
एयर इंडिया ने इस संबंध में एक एडवाइजरी जारी की है। इसमें कहा गया है कि जिन यात्रियों के पास '9' अंक से शुरू होने वाले 4-डिजिट फ्लाइट नंबर वाले या '9I' से शुरू होने वाले 3-डिजिट फ्लाइट नंबर वाले एयर इंडिया के टिकट हैं, उनको विशेष ध्यान देने की जरूरत है। ऐसे टिकटधारकों को पता होना चाहिए कि ये बुकिंग्स Alliance Air की हैं।
मिंट की खबर के मुताबिक एलायंस एयर से संबंधित किसी भी जानकारी या आवश्यकता के लिए यात्रियों को +91-44-4255 4255 और +91-44-3511 3511 पर संपर्क करना चाहिए। इसके अलावा यात्री support@allianceair.in पर ईमेल करके भी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
बता दें कि सरकार ने घाटे में चल रही एयर इंडिया में अपनी 100 प्रतिशत हिस्सेदारी बेचेन के लिए 12,906 करोड़ का आरक्षित मूल्य निर्धारित किया था। कंपनी को खरीदने के लिए एक समूह के मुखिया के रूप में स्पाइस जेट के प्रोमोटर अजय सिंह (SpiceJet promoter Ajay Singh) ने 15,100 करोड़ की पेशकश की थी। लेकिन टाटा समूह ने इससे ज्यादा बोली लगाकर 8 अक्टूबर को एयर इंडिया कंपनी को खरीद लिया था।