PolicyBazaar share price : स्टॉक मार्केट में कमजोरी के बीच शुक्रवार को शुरुआती कारोबार के दौरान पॉलिसीबाजार (PolicyBazaar) यानी पीबी फिनटेक (PB Fintech) के शेयरों में 10 फीसदी तक की गिरावट देखी गई। पीबी फिनटेक (PB Fintech) के शेयर एनएसई पर 28 रुपये की गिरावट के साथ खुले और 775 रुपये के निचले स्तर तक गए। फिलहाल (दोपहर 12.45 बजे) लगभग 8 फीसदी की कमजोरी के साथ 796 रुपये पर कारोबार कर रहे हैं।
खरीदारी का मौका है यह गिरावट
हालांकि, स्टॉक मार्केट एनालिस्ट्स इस गिरावट को शॉर्ट से लॉन्ग टर्म इनवेस्टर्स के लिए खरीदारी के अवसर के रूप में देख रहे हैं।
स्टॉक मार्केट एनालिस्ट्स के मुताबिक, पॉलिसीबाजार (PolicyBazaar) का शेयर मजबूती के साथ वापसी कर सकता है, क्योंकि पॉलिसी रिन्युअल से उसे अच्छा बिजनेस वॉल्यूम मिलने का अनुमान है। उन्होंने कहा कि शॉर्ट टर्म में स्टॉक 1,000 रुपये के स्तर तक जा सकता है।
775 रुपये पर है अच्छा सपोर्ट
लाइवमिंट की एक रिपोर्ट के मुताबिक, चॉयस ब्रोकिंग के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर सुमीत बगाडिया ने कहा, " पीबी फिनटेक (PB Fintech) के शेयर में 775 रुपये पर अच्छा सपोर्ट है और नीचे की तरफ ब्रेकआउट पर यह 720 रुपये से 700 रुपये तक जा सकता है। इसलिए, पोजिशनल इनवेस्टर्स को कुछ इंतजार करना चाहिए, क्योंकि क्लोजिंग बेसिस पर 850 रुपये से ऊपर जाने पर स्टॉक में खासी तेजी आ सकती है।"
लाइफटाइम हाई से 50% टूट चुका है शेयर
आईआईएफएल सिक्योरिटीज के वाइस प्रेसिडेंट अनुज गुप्ता ने कहा, “पॉलिसीबाजार (PolicyBazaar) का शेयल लिस्टिंग के बाद अपने 1,470 रुपये के लाइफटाइम हाई से लगभग 50 फीसदी टूट चुका है। मौजूदा तिमाही में कंपनी का बिजनेस अच्छा रहने की उम्मीद है, क्योंकि वित्त वर्ष के अंत में आम तौर पर लाइफ और मेडीक्लेम पॉलिसीज की मांग खासी बढ़ जाती है। हम मौजूदा स्तरों से स्टॉक की वापसी की उम्मीद कर सकते हैं। इसमें 750 से 760 रुपये के स्तर पर मजबूत सपोर्ट है। ज्यादा जोखिम लेने वाले इनवेस्टर्स इस स्टॉक को खरीद सकते हैं, क्योंकि हम शॉर्ट टर्म में इसके 950 से 1000 रुपये तक जाने की उम्मीद करते हैं।”
चौथी तिमाही के नतीजे अच्छे रहने की उम्मीद
जीसीएल सिक्योरिटीज के वाइस चेयरमैन रवि सिंघल ने कहा, “कंपनी के चौथी तिमाही के नतीजे मजबूत रहने की उम्मीद है। इसलिए, मौजूदा गिरावट खरीदारी का अच्छा मौका हो सकती है। लॉन्ग टर्म में 1,200 रुपये के टारगेट के लिए इसमें 750 से 760 रुपये के आसपास खरीदारी की जा सकती है।”
डिसक्लेमर : मनीकंट्रोल पर इनवेस्टमेंट एक्सपर्ट्स के विचार और निवेश के टिप्स उनके अपने हैं, वेबसाइट या उसके मैनेजमेंट के नहीं। मनीकंट्रोल अपने यूजर्स को निवेश से जुड़े फैसले लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट्स से संपर्क करने की सलाह देते हैं।