देश के दिग्गज निवेशकों में शुमार राकेश झुनझुनवाला (Rakesh Jhunjhunwala) के पोर्टफोलियो में शामिल स्टॉक पर रिटेल निवेशकों की नजरें लगी रहती हैं। उनके पोर्टफोलियो में शामिल स्टॉक कभी उड़ान भरते हैं तो कभी गोता लगाते हैं। आज ऐसे ही एक शेयर ने बीएसई पर गोता लगाया है। राकेश झुनझुनवाला पोर्टफोलियो में स्टॉक नजारा टेक्नोलॉजीस (Nazara Technologies) के शेयरों ने बुधवार को इंट्रा-डे ट्रेड में बीएसई पर 7 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,181.55 रुपये का रिकॉर्ड निचला स्तर छुआ। ये स्टॉक लगातार सातवें दिन कमजोरी के साथ कारोबार कर रहा है और इस अवधि के दौरान 24 प्रतिशत फिसल गया है।
पिछले एक महीने में S&P BSE सेंसेक्स में 8 प्रतिशत की गिरावट की तुलना में Nazara Technologies का बाजार मूल्य 29 प्रतिशत गिर गया है। यह अपने इनीशियल पब्लिक ऑफर (आईपीओ) मूल्य 1,101 रुपये प्रति शेयर के करीब कारोबार कर रहा था।
Nazara Technologies ने 30 मार्च, 2021 को शेयर बाजार में शुरुआत की थी। हालिया गिरावट के साथ स्टॉक ने अपने 52-सप्ताह के उच्च स्तर के साथ ही 11 अक्टूबर, 2021 को 3,354 रुपये के रिकॉर्ड उच्च स्तर से 65 प्रतिशत गिर गया है।
शेयरहोल्डिंग पैटर्न डेटा के मुताबिक 31 मार्च 2022 तक राकेश झुनझुनवाला के पास Nazara Technologies में 10.10 प्रतिशत हिस्सेदारी थी।
मार्च 2022 को समाप्त तिमाही और वर्ष के लिए ऑडिटेड फाइनेंशियल रिजल्ट पर विचार करने के लिए कंपनी के बोर्ड की शुक्रवार, 13 मई, 2022 को बैठक होने वाली है। इस बैठक में बोर्ड बोनस शेयर जारी करने के प्रस्ताव पर भी विचार करेगा।
बिजनेस स्टैंडर्ड में छपी खबर के मुताबिक सालाना आधार पर वित्त वर्ष 2022 की तीसरी तिमाही में बढ़ी ऑपरेशनल लागत के कारण कंपनी का समेकित मुनाफा 17 प्रतिशत घटकर 14.8 करोड़ रुपये हो गया था। हालाँकि ऑपरेशंस से कंपनी की आय 42 प्रतिशत बढ़कर 186 करोड़ रुपये हो गई थी।
बता दें कि नजारा भारत का गेमिंग और स्पोर्ट्स मीडिया प्लेटफॉर्म है। ये कंपनी भारत के साथ-साथ अफ्रीका और उत्तरी अमेरिका जैसे उभरते और विकसित वैश्विक बाजारों में भी कारोबार करती है।
डिस्क्लेमर: (यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।)