इंडेक्स हैवीवेट रिलायंस इंडस्ट्रीज लि. ( Reliance Industries Ltd (RIL) के शेयरों ने आज यानी गुरुवार के शुरुआती कारोबार में BSE पर अपना नया ऑल टाइम हाई बनाया। आज इस शेयर ने 2 फीसदी से ज्यादा की तेजी दिखाते हुए 2,775 रुपए प्रति शेयर का स्तर छू लिया। आरआईएल में आई इस तेजी के चलते बेंचमार्क इंडेक्स को भी सपोर्ट मिल रहा है। BSE पर RIL का मार्केट कैप 18.7 लाख करोड़ रुपए के पार चला गया है।
इस हफ्ते के दौरान ही रिलायंस ब्रैंड ने बताया था कि रिलायंस ब्रांड्स लिमिटेड (RBL) अनडिस्क्लोज्ड अमाउंट पर लीडिंग फैशन हाउस अबू जानी संदीप खोसला (एजेएसके) में 51 प्रतिशत की हिस्सेदारी का अधिग्रहण करेगी। दोनों कंपनियों के एक संयुक्त बयान के अनुसार, रिलायंस समूह की फर्म आरबीएल ने एजेएसके में स्वयं या अपने सहयोगियों के माध्यम से निवेश करने के लिए एक निश्चित समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। RBL रिलायंस रिटेल वेंचर्स (RRVL)की सब्सिडियरी है जो लक्जरी और रिटेल कारोबार में तेजी से विस्तार कर रही है।
बाजार जानकारों के मुताबिक कच्चे तेल की कीमतें वित्त वर्ष 2022 की पूरी चौथी तिमाही के दौरान पॉजिटिव रही हैं। बाजार कंपनी के चौथी तिमाही के नतीजे मजबूत रहने का अनुमान लगा रहा है। ग्रॉस रिफाइनिंग मार्जिन में सुधार के चलते कंपनी का पेट्रोकेमिकल कारोबार में तेजी रहने की संभावना है। ARPU में संभावित बढ़ोतरी के चलते रिलायंस जियो के नतीजे भी अच्छे रहने की संभावना है। इसके अलावा मुकेश अंबानी के मालिकाना हक वाले इस कारोबारी समूह के न्यू एनर्जी सेक्टर में कदम रखने से भी मार्केट एनालिस्ट इस स्टॉक पर बुलिश हैं।
मोतीलाल ओसवाल ने हाल में जारी अपने रिपोर्ट में कहा है कि रिलायंस इंडस्ट्रीज ने अपने जामनगर कॉम्प्लेक्स में ग्रीन एनर्जी के इस्तेमाल को बढ़ावा देने का ऐलान करके एक बड़ा कदम उठाया है। कंपनी अब अपने जामनगर कॉम्प्लेक्स में तमाम ऑर्गेनिक्स केमिकल बनाने के लिए अपने गैसिफायर में बनने वाले सिथेंसिस गैस का उपयोग करेगी।
इस नोट में आगे कहा गया है कि एक दशक पहले निवेशक जियो और रिलायंस रिटेल में कंपनी के निवेश को लेकर बहुत उत्साहित नहीं थे । हालांकि कंपनी अपने इन दोनों सेगमेटों के कारोबार की कायापलट करने में कामयाब रही है और आज ये दोनों सेगमेंट रिलायंस समूह में बड़ा योगदान कर रहे हैं। वास्तविकता यह है कि बेहतर संभावनाओं के कारण रिलायंस जियो और रिलायंस रिटेल कंपनी के वर्तमान वैल्यूएशन में 2 तिहाई फीसदी की हिस्सेदारी रखते हैं।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सार्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।
(डिस्क्लेमर: नेटवर्क 18 मीडिया एंड इनवेस्टमेंट लिमिटेड पर इंडिपेंडेंट मीडिया ट्रस्ट का मालिकाना हक है। इसकी बेनफिशियरी कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज है।)