Tata Motors के शेयर बीएसई पर आज इंट्राडे में 2 फीसदी की बढ़त के साथ 484.25 रुपये का 5 महीने का हाई छुते नजर आए है। सिर्फ 9 कारोबारी सत्रों में यह स्टॉक 10 फीसदी भागा है। ऑटो सेक्टर की मांग में मजबूती आने की संभावना बढ़ी है जिसके चलते यह स्टॉक जोश में नजर आ रहा है।
ऑटोमोबाइल सेक्टर का यह स्टॉक 23 फरवरी 2022 के बाद अपने हाइएस्ट पर लेवल पर नजर आ रहा है। पिछले 3 महीनों में इस स्टॉक ने बेंचमार्क इंडेक्स से बेहतर प्रदर्शन किया है। इस अवधि में इस स्टॉक में करीब 25 फीसदी की तेजी आई है जबकि इसी अवधि में सेंसेक्स में सिर्फ 10 फीसदी की तेजी देखने को मिली है।
इसी हफ्ते के शुरुआत में टाटा मोटर्स ने फोर्ड इंडिया (Ford India) के साणंद स्थित मैन्युफैक्चरिंग प्लांट 725.7 करोड़ रुपये में खरीदने के लिए समझौता कर लिया है। टाटा मोटर्स ने कहा कि उसकी सब्सिडियरी टाटा पैसेंजर इलेक्ट्रिक मोबिलिटी (TPEML) और फोर्ड इंडिया प्रा. लि. (FIPL) ने गुजरात स्थित प्लांट को खरीदने के लिए एक यूनिट ट्रांसफर एग्रीमेंट (यूटीए) पर हस्ताक्षर किए हैं।
इस डील के तहत भारतीय ऑटो कंपनी फोर्ड इंडिया के एसेट्स का अधिग्रहण करेगी, जिसमें जमीन और बिल्डिंग, मशीनरी और इक्विपमेंट के साथ व्हीकल मैन्युफैक्चरिंग प्लांट शामिल है। टाटा मोटर्स ने एक बयान में कहा, इस डील में सभी इलिजिबल कर्मचारियों को भी ट्रांसफर किया जाना शामिल है।
फोर्ड इंडिया का साणंद प्लांट करीब 350 एकड़ में फैला हुआ है, जबकि इंजन मैन्युफैक्चरिंग प्लांट करीब 110 एकड़ में है। इस साल मई में टाटा मोटर्स को फोर्ड के पैसेंजर कार मैन्युफैक्चरिंग प्लांट के टेकओवर की मंजूरी मिली थी। इस प्रस्ताव को केंद्रीय कैबिनेट ने भी मंजूर कर दिया। फोर्ड मोटर कंपनी ने पिछले साल भारत से अपना कारोबार समेटने का ऐलान किया था।
कंपनी के मैनेजमेंट का मानना है कि रोड, कंस्ट्रक्शन, माइनिंग और इंफास्ट्रक्चर पर बढ़ रहे खर्च के चलते आगे कमर्शियल व्हीकल इंडस्ट्रीज में और तेजी आती दिखेगी। सप्लाई चेन की स्थिति में धीरे-धीरे सुधार होता दिख रहा है। तमाम अनिश्चितताओं के बीच भी कारोबारी स्थितियों में सुधार हो रहा है। हालांकि कमोडिटी की कीमतों में भारी बढ़त अभी भी चिंता का विषय है। हालांकि कंपनी के मैनेजमेंट का मानना है कि वित्त वर्ष 2022-23 में कंपनी के पैसेंजर व्हीकल के कारोबार के मार्जिन और मुनाफे में भी अच्छी मजबूती की उम्मीद है।
इसी तरह घरेलू ब्रोकरेज हाउस ICICI Securities भी ऑटो सेक्टर और टाटा मोटर्स को लेकर पॉजिटिव है। ICICI Securities का कहना है कि इस स्ट़ॉक में तेजी बनी रहेगी और आने वाले कुछ हफ्तो में यह 509 रुपये का स्तर देखने को मिल सकता है।
मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सार्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।
(डिस्क्लेमर: नेटवर्क 18 मीडिया एंड इनवेस्टमेंट लिमिटेड पर इंडिपेंडेंट मीडिया ट्रस्ट का मालिकाना हक है। इसकी बेनफिशियरी कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज है।)