भारत की दूरसंचार कंपनियों के मार्च तिमाही में मजबूत प्रदर्शन दिखने की संभावना है। नवंबर-दिसंबर में टैरिफ में वृद्धि के बाद ये पहली पूर्ण तिमाही है जिसमें कंपनियों के नतीजे अच्छे रहने की उम्मीद है। मनीकंट्रोल द्वारा किए गए पोल में विश्लेषकों ने कहा कि भारती एयरटेल (Bharti Airtel), वोडाफोन आइडिया (Vodafone Idea) और रिलायंस इंडस्ट्रीज (Reliance Industries) की सहायक कंपनी जियो प्लेटफॉर्म्स (Jio Platforms) के प्रति उपयोगकर्ता औसत आय (average revenue per user (ARPU) में 7-9 प्रतिशत की वृद्धि दिखने की उम्मीद है।
दिसंबर तिमाही में Bharti Airtel ने प्रति माह 163 रुपये का ARPU दर्ज किया। इसी तिमाही में Jio का ARPU 151.6 रुपये और वोडाफोन का ARPU 115 रुपये रहा था।
जेपी मॉर्गन इंडिया (JP Morgan India) को उम्मीद है कि टैरिफ वृद्धि से फायदा होने के कारण तीनों दूरसंचार कंपनियों की आय में 5-7 प्रतिशत की वृद्धि देखने को मिलेगी।
जेएम फाइनेंशियल सर्विसेज (JM Financial Services) ने प्रिव्यू नोट में कहा, "हम उम्मीद करते हैं कि 4QFY22 दूरसंचार कंपनियों के लिए एक मजबूत तिमाही होगी। नवंबर 2021 में उद्योग द्वारा किए गए लगभग 20% टैरिफ वृद्धि के कारण तिमाही आधार पर EBITDA में 6-11% वृद्धि देखने को मिल सकती है।
ब्रोकरेज ने कहा कि Bharti Airtel के पास तीसरी तिमाही के अंत में भारत में 35.6 करोड़ ग्राहक थे। कंपनी द्वारा ARPU और ग्राहक वृद्धि दोनों में अपना दबदबा बनाए रखने की संभावना है।
क्रेडिट सुइस (Credit Suisse) को उम्मीद है कि Bharti Airtel तिमाही में 10 लाख से अधिक नए ग्राहकों को जोड़ेगी। वहीं Reliance Jio के लिए ग्राहक आधार में थोड़ा बदलाव हुआ। दूसरी तरफ Vodafone Idea से 40 लाख उपयोगकर्ता दूर हुए हैं।
JP Morgan ने कहा कि Bharti Airtel चौथी तिमाही में ARPU में 9 प्रतिशत की बढ़ोतरी दिखा सकता है। इसकी आय में 7 प्रतिशत का इजाफा देखने को मिल सकता है।
JP Morgan ने कहा कि Reliance Jio की आय में तिमाही-दर-तिमाही आधार पर 6 प्रतिशत वृद्धि दिखने की उम्मीद है। इसे एआरपीयू में 9 प्रतिशत की वृद्धि से सहारा मिल सकता है। हालांकि ब्रोकरेज को उम्मीद है कि कम आय वाले यूजर्स के रूप में Jio को 20 लाख ग्राहकों के दूर होने का नुकसान उठाना पड़ सकता है। तीसरी तिमाही में Jio के 42.1 करोड़ ग्राहक थे।
टैरिफ वृद्धि से लाभ के कारण Vodafone Idea का ऑपरेटिंग मुनाफा बढ़ सकता है। IIFL Securities को उम्मीद है कि कंपनी ग्राहकों को खोने के बावजूद तिमाही आधार पर ऑपरेटिंग मुनाफे में 17 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज करेगी।
वैस भी नतीजों के अलावा निवेशक कंपनी के मैनेजमेंट द्वारा अपने ग्राहक आधार, संभावित टैरिफ बढ़ोतरी, कैपेक्स प्लान्स, 5G स्पेक्ट्रम नीलामी और जून तिमाही में टेलीकॉम टावर्स को चलाने के लिए ईंधन बढ़ी हुई कीमतों पर की जाने वाली उनकी कमेंट्री पर भी फोकस करेंगे।
(डिस्क्लेमर: नेटवर्क 18 मीडिया एंड इनवेस्टमेंट लिमिटेड पर इंडिपेंडेंट मीडिया ट्रस्ट का मालिकाना हक है। इसकी बेनफिशियरी कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज है।)
(डिस्क्लेमरः Moneycontrol.com पर दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह निवेश विशेषज्ञों के अपने निजी विचार और राय होते हैं। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें। )