टीवीएस मोटर कंपनी (TVS Motor Company) ने आज यानी सोमवार 2 मई 2022 को अपने गाड़ियों की बिक्री के आंकड़े जारी किये हैं। सेमीकंडक्टर की किल्लत के बावजूद कंपनी ने अप्रैल महीने में ज्यादा गाड़ियां बेचने में कामयाबी हासिल की है। अप्रैल में कुल बिक्री में 24 प्रतिशत की वृद्धि के साथ कंपनी ने कुल 2,95,308 गाड़ियों की बिक्री की।
टीवीएस मोटर कंपनी ने एक बयान में कहा कि कंपनी ने पिछले साल इसी महीने में कुल 2,38,983 गाड़ियां बेची थी।
पिछले महीने कुल दोपहिया वाहनों की बिक्री 24 प्रतिशत बढ़कर 2,80,022 गाड़ियां रही, जबकि अप्रैल 2021 में 2,26,193 गाड़ियों की बिक्री हुई थी।
कंपनी ने कहा कि घरेलू दोपहिया वाहनों की बिक्री पिछले महीने 1,80,533 गाड़ियां रही, जो एक साल पहले इसी महीने में 1,31,386 गाड़ियां थी। अबकी बार की बिक्री में 37 प्रतिशत का इजाफा हुआ है।
मोटरसाइकिल की बिक्री अप्रैल 2021 में 1,33,227 गाड़ियों से 4 प्रतिशत बढ़कर अप्रैल 2022 में 1,39,027 गाड़ियां हो गई।
इसके अलावा, स्कूटर की बिक्री अप्रैल 2021 में 65,213 गाड़ियों से 57 प्रतिशत बढ़कर अप्रैल 2022 में 1,02,209 गाड़ियां हो गई।
टीवीएस मोटर ने कहा, "सेमीकंडक्टर की आपूर्ति में कमी ने प्रीमियम दोपहिया वाहनों के उत्पादन और बिक्री पर असर डाला है। पिछले साल की तरह इस बार भी हम वैकल्पिक सोर्स के साथ आक्रामक तरीके से काम कर रहे हैं। इसके साथ ही जल्द से जल्द आपूर्ति में सुधार के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं।"
कंपनी के नए उत्पादों को ग्राहकों द्वारा पसंद किया जा रहा है। कंपनी को उम्मीद है कि सेमीकंडक्टर आपूर्ति में सुधार के बाद वॉल्यूम फिर से शुरू होगा।
डिस्क्लेमर: (यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।)