Zomato shares : फूड एग्रीगेटर जोमैटो के शेयर ने बुधवार को भी नया रिकॉर्ड लो स्तर छुआ। हालांकि निचले स्तरों पर खरीदारी के दम पर बीएसई पर शेयर 3.34 फीसदी मजबूत होकर 54.20 रुपये पर बंद हुआ। इंट्रा डे के दौरान शेयर ने 50.35 रुपये का निचला स्तर छूआ, जो उसका नया रिकॉर्ड लो है और 56.45 रुपये का ऊपरी स्तर छुआ।
वर्तमान में शेयर अपने आल टाइम हाई से 70 फीसदी नीचे है। शेयर ने 16 नवंबर, 2021 को बीएसई पर 169.10 रुपये का रिकॉर्ड हाई छूआ था। इस प्रकार कंपनी की मार्केट वैल्यू लगभग 1 लाख करोड़ रुपये कम हो चुकी है। वहीं 2022 की बात करें तो जोमैटो का शेयर लगभग 62 फीसदी कमजोर हो चुका है।
अभी भी दबाव में है जोमैटो का शेयर
बिजनेसटुडे की एक रिपोर्ट के मुताबिक, ग्रीन पोर्टफोलियो के फाउंडर दिव्यम शर्मा ने कहा, “दुनिया भर में टेक बेस्ड ग्रोथ स्टॉक में गिरावट देखने को मिल रही है। इसीलिए जोमैटो के शेयर पर इन दिनों दबाव बना हुआ है।” उन्होंने कहा, ब्याज दरों में बढ़ोतरी और एफपीआई इनवेस्टर्स की ऐसे स्टॉक्स में दिलचस्पी घटने का भी शेयर पर असर दिख रहा है।
शर्मा ने कहा, “अनलिस्टेड कंपनियों से मिल रही प्रतिस्पर्धा के चलते ये कंपनियां विलय और अधिग्रहण की कवायद बढ़ाने को मजबूर हुई हैं।”
प्रॉफिटेबिलिटी पर तस्वीर साफ होने का करें इंतजार
उन्होंने कहा कि एक बिजनेस के रूप में जोमैटो फूड डिलिवरी बिजनेस में बड़ी बाजार हिस्सेदारी हासिल कर चुकी है। हाल में बिजनेस में लाई गई विविधता, अधिग्रहणों और प्रयोगों के नतीजे सामने आने बाकी हैं। उन्होंने कहा, खुदरा निवेशकों को इस स्टॉक से दूर रहना चाहिए और स्टॉक में पोजिशन लेने से पहले प्रॉफिटेबिलिटी के मामले में तस्वीर साफ होने का इंतजार करना चाहिए।
Zomato के शेयर ने जुलाई 2021 में शेयर बाजार में दमदार आगाज किया था। 76 रुपये के इश्यू प्राइस की तुलना में यह शेयर 52 फीसदी के प्रीमियम के साथ 116 रुपये पर लिस्ट हुआ था। हालांकि, उसके बाद कंपनी ने निवेशकों को निराश ही किया है।