FMCG कंपनी हिंदुस्तान यूनिलीवर (Hindustan Unilever Ltd) का जनवरी-मार्च 2026 तिमाही में शुद्ध कंसोलिडेटेड मुनाफा सालाना आधार पर 21.4 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 2,992 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले मुनाफा 2,464 करोड़ रुपये था। कुल इनकम 7 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 16,615 करोड़ रुपये रही। मार्च 2025 तिमाही में यह 15,499 करोड़ रुपये थी।
कंपनी ने शेयर बाजारों को बताया कि मार्च 2026 तिमाही में उसका कुल खर्च बढ़कर 12,934 करोड़ रुपये हो गया, जो एक साल पहले 11,966 करोड़ रुपये था। EBITDA सालाना आधार पर 6 प्रतिशत बढ़कर 3,841 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले यह 3,619 करोड़ रुपये था। EBITDA मार्जिन घटकर 23.5 प्रतिशत रह गया, जो मार्च 2025 तिमाही में 23.8 प्रतिशत था।
पूरे वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान हिंदुस्तान यूनिलीवर की कुल कंसोलिडेटेड इनकम 65,219 करोड़ रुपये थी। इस बीच कुल कंसोलिडेटेड मुनाफा 15,040 करोड़ रुपये दर्ज किया गया।
HUL के डिविडेंड की रिकॉर्ड डेट भी तय
कंपनी के बोर्ड ने वित्त वर्ष 2026 के लिए 22 रुपये प्रति शेयर का फाइनल डिविडेंड देने का फैसला किया है। इससे पहले कंपनी वित्त वर्ष 2026 के लिए 19 रुपये प्रति शेयर का अंतरिम डिविडेंड दे चुकी है। फाइनल डिविडेंड के लिए रिकॉर्ड डेट 23 जून है। इस तारीख तक जिन लोगों के नाम शेयरों के लाभार्थी मालिकों के तौर पर रजिस्टर ऑफ मेंबर्स ऑफ द कंपनी या डिपॉजिटरीज के रिकॉर्ड्स में होंगे, वे डिविडेंड के हकदार होंगे।
हिंदुस्तान यूनिलीवर का मुनाफा बढ़ने के बावजूद उसके शेयर में 30 अप्रैल को गिरावट है। BSE पर शेयर की कीमत 4 प्रतिशत गिरकर 2,211.40 रुपये के लो तक गई। बाद में शेयर लगभग 3 प्रतिशत गिरावट के साथ 2250.60 रुपये पर बंद हुआ। कंपनी का मार्केट कैप गिरकर 5.28 लाख करोड़ रुपये रह गया है। कंपनी की सालाना आम बैठक 30 जून को होने वाली है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।