Stocks to BUY: आदित्य बिड़ला फैशन एंड रिटेल (Aditya Birla Fashion and Retail) के शेयरों में मौजूदा स्तर से करीब 22.5% की तेजी आ सकती है। घरेलू ब्रोकरेज फर्म आईसीआईसीआई डायरेक्ट (ICICI Direct) ने अपनी एक हालिया रिपोर्ट में ये उम्मीद जताई है। ब्रोकरेज फर्म ने कहा कि आदित्य बिड़ला फैशन ने पूरी तरह से डिजिटल चैनल के जरिए कारोबार करने वाले 8 लाइफस्टाइल ब्रांड्स में निवेश का फैसला किया। यह डायरेक्ट-टू-कंज्यूमर (D2C) सेगमेंट में कंपनी का पहला निवेश है और इससे कंपनी को आने वाले सालों में काफी लाभ पहुंचने वाला है।
ब्रोकरेज ने कहा, "आदित्य बिड़ला ने वित्त वर्ष 2026 तक खुद के 21,000 करोड़ की कंपनी बनने का लक्ष्य रखा है, जो बताता है कि कंपनी वित्त वर्ष 2020 से 2026 के बीच करीब 15% की CAGR की दर से ग्रोथ की उम्मीद कर रही है।"
ब्रोकरेज ने कहा, आदित्य बिड़ला फैशन ने जिन कंपनियों में हिस्सेदारी खरीदी है, वे अभी ग्रोथ के शुरुआती चरण में है और उनका रेवेन्यू 15 से 55 करोड़ के बीच में है। सिर्फ 'बेवकूफ' ब्रांड का रेवेन्यू वित्त वर्ष 2022 में 162 करोड़ रुपये रहा। मैनेजमेंट के मुताबिक, इन ब्रांड्स के अधिग्रहण के साथ TMRW 788 करोड़ से अधिक के रेवेन्यू रन रेट को हासिल कर सकती है और अगले एक साल में यह 1,500 करोड़ से अधिक के सालाना रेवेन्यू रन रेट को पार करने की स्थिति में होगी।"
ICICI डायरेक्ट ने दिया ₹380 का टारगेट प्राइस
ICICI डायरेक्ट ने कहा कि इन सब पहलूओं पर गौर करते हुए हमने आदित्य बिड़ला फैशन के स्टॉक पर 'BUY (खरीदें)' की रेटिंग बरकरार रखी है और 380.00 रुपये का टारगेट प्राइस तय किया है। इससे पहले एक्सिस डायरेक्ट (Axis Direct) ने भी 7 नवंबर को जारी एक रिपोर्ट में Aditya Birla Fashion के स्टॉक पर बाय रेटिंग बरकरार रखते हुए इसे 400 रुपये के टारगेट प्राइस के साथ खरीदने की सलाह दी थी।
इस साल 13.25% बढ़े आदित्य बिड़ला फैशन के शेयर
इस बीच Aditya Birla Fashion के शेयर मंगलवार को एनएसई पर 0.72 फीसदी गिरकर 309.85 रुपये के भाव पर बंद हुए। पिछले एक महीने में कंपनी के शेयरों में अब तक करीब 12.45% की गिरावट आई है। हालांकि इस साल की शुरुआत से अब तक इसके शेयर करीब 13.25% बढ़े हैं।
Aditya Birla Fashion and Retail, आदित्य बिड़ला ग्रुप के पास है। इसके पास एलेन सॉली (Allen Solly), वॉन हुसेन (Van Heusen), लुई फिलिप (Louis Philippe) और पीटर इंग्लैंड (Peter England) जैसे कई बड़े फैशन और अपैरल ब्रांड हैं। इसके अलावा कंपनी के पास 'Pantaloons' भी है, जो देश के सबसे बड़े फैशन स्टोर ब्रांड में से एक है। कंपनी की वेबसाइट पर मौजूद जानकारी के मुताबिक, आदित्य बिड़ला फैशन के पास देश के 900 से अधिक शहरों में करीब 3,468 स्टोर्स का मजबूत नेटवर्क है।
डिस्क्लेमरः यहां दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह, निवेश विशेषज्ञों के अपने निजी विचार और राय होते हैं। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।