ICICI प्रूडेंशियल एसेट मैनेजमेंट कंपनी (AMC) आज, 12 अक्टूबर को जुलाई-सितंबर 2026 तिमाही के नतीजे जारी करने वाली है। रिजल्ट सामने आने से पहले कंपनी के शेयर में बिकवाली का दबाव है। शेयर पिछले बंद भाव से लगभग 1.6 प्रतिशत तक लुढ़का और बीएसई पर 2,978 रुपये के लो तक गया। कंपनी का मार्केट कैप घटकर 1.47 लाख करोड़ रुपये पर आ गया है।
कंपनी तिमाही और छमाही नतीजे जारी करने के साथ वित्त वर्ष 2026-27 के लिए पहले अंतरिम डिविडेंड का ऐलान भी कर सकती है। वित्त वर्ष 2026 के लिए शेयरहोल्डर्स को 14.85 रुपये का अंतरिम और 12.40 रुपये प्रति शेयर का फाइनल डिविडेंड मिला। ICICI प्रूडेंशियल AMC के बोर्ड की मीटिंग खत्म होने के बाद नतीजे जारी किए जाएंगे।
ICICI प्रूडेंशियल AMC की शुरुआत 1998 में हुई थी। यह दिसंबर 2025 में शेयर बाजारों में लिस्ट हुई। इसका IPO 10,602.65 करोड़ रुपये का था। कंपनी ICICI Bank और प्रूडेंशियल कॉरपोरेशन होल्डिंग्स का जॉइंट वेंचर है।
Q1 में 23 प्रतिशत बढ़ा था मुनाफा
ICICI Pru AMC का अप्रैल-जून 2026 तिमाही में शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 23.1 प्रतिशत बढ़कर 965 करोड़ रुपये रहा था। ऑपरेटिंग रेवेन्यू 1,560 करोड़ रुपये रहा था। कुल आय 17.6 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 1,564.2 करोड़ रुपये दर्ज की गई। तिमाही औसत एसेट्स अंडर मैनेजमेंट (QAAUM) बढ़कर 11.17 लाख करोड़ रुपये के रहे।
इस साल अगस्त में ब्लॉक डील के जरिए प्रूडेंशियल कॉर्पोरेशन होल्डिंग्स ने ICICI Pru AMC के 99.2 लाख शेयर बेचे थे। ये शेयर कंपनी की इक्विटी के लगभग 2 प्रतिशत के बराबर थे। प्रूडेंशियल कॉरपोरेशन होल्डिंग्स, ब्रिटेन की प्रूडेंशियल पीएलसी की सब्सिडियरी है।
ICICI Pru AMC का शेयर इस साल अब तक 13 प्रतिशत मजबूत
ICICI Pru AMC का शेयर साल 2026 में अब तक 13 प्रतिशत चढ़ा है। शेयर की फेस वैल्यू 1 रुपये है। यह BSE 200 इंडेक्स का हिस्सा है। 2 सप्ताह में शेयर 7 प्रतिशत नीचे आया है। BSE पर 52 सप्ताह का एडजस्टेड हाई 3,609.85 रुपये और एडजस्टेड लो 2,528.90 रुपये है। अपर प्राइस बैंड 3,331.50 रुपये और लोअर प्राइस बैंड 2,725.80 रुपये है। सर्किट लिमिट 10 प्रतिशत है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।