ICICI प्रूडेंशियल लाइफ इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड ने अक्टूबर-दिसंबर 2025 तिमाही के वित्तीय नतीजे जारी कर दिए हैं। तिमाही के दौरान कंपनी का शुद्ध कंसोलिडेटेड मुनाफा सालाना आधार पर 19 प्रतिशत बढ़कर 387.15 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले यह 324.91 करोड़ रुपये था। नेट प्रीमियम इनकम 3.6 प्रतिशत की गिरावट के साथ 11809.26 करोड़ रुपये रह गई, जो दिसंबर 2024 तिमाही में 12261.37 करोड़ रुपये थी।
कंपनी ने शेयर बाजारों को बताया है कि दिसंबर 2025 तिमाही में नए बिजनेस की वैल्यू (VNB) सालाना आधार पर 19 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 615 करोड़ रुपये हो गई। एक साल पहले यह आंकड़ा 517 करोड़ रुपये का था। VNB मार्जिन बेहतर होकर 24.4 प्रतिशत पर पहुंच गए, जो दिसंबर 2024 तिमाही में 21.2 प्रतिशत पर थे।
रिटेल प्रोटेक्शन का सालाना प्रीमियम इक्विवेलेंट (APE) दिसंबर 2025 तिमाही में साल-दर-साल आधार पर 40.8 प्रतिशत बढ़ा। रिटेल नए बिजनेस का सम एश्योर्ड 51.6 प्रतिशत बढ़कर 1.24 लाख करोड़ रुपये हो गया। तिमाही के दौरान कंपनी का कुल APE सालाना आधार पर 3.6 प्रतिशत बढ़कर 2,525 करोड़ रुपये हो गया।
कंपनी की बैलेंस शीट मजबूत बनी रही। 31 दिसंबर, 2025 तक एसेट्स अंडर मैनेजमेंट यानि कि AUM साल-दर-साल आधार पर 6.5 प्रतिशत बढ़कर 3.31 लाख करोड़ रुपये के हो गए। नेट वर्थ 15.7 प्रतिशत बढ़कर 13,470 करोड़ रुपये हो गई। सॉल्वेंसी रेश्यो 214.8 प्रतिशत रहा।
ICICI प्रूडेंशियल लाइफ इंश्योरेंस कंपनी के शेयरों में 13 जनवरी को मामूली तेजी है। BSE पर शेयर दिन में 4 प्रतिशत तक चढ़कर 706.50 रुपये के हाई तक गया। बाद में 0.35 प्रतिशत की मामूली तेजी के साथ 682.20 रुपये पर सेटल हुआ। कंपनी का मार्केट कैप 98700 करोड़ रुपये है। शेयर की फेस वैल्यू 10 रुपये है। शेयर 3 महीनों में 15 प्रतिशत चढ़ा है। कंपनी में सितंबर 2025 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 72.93 प्रतिशत हिस्सेदारी थी।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।