Hyundai Motor India Shares: दिग्गज कार कंपनी हुंडई मोटर इंडिया के शेयरों ने निवेशकों को तगड़ा झटका दिया है। इस स्टॉक के लिए मार्च 2026 लिस्टिंग के बाद से सबसे कमजोर महीना साबित हुआ। लगातार सात कारोबारी दिनों में सिर्फ एक दिन 25 मार्च को यह ग्रीन रहा और बाकी सभी दिन लाल रहे। इन सात दिनों में आज के इंट्रा-डे के निचले स्तर के हिसाब से यह करीब 13% कमजोर हुआ जबकि इस महीने तो यह करीब 20% कमजोर हुआ। इसमें से 4% से अधिक गिरावट तो आज आई। करीब 17 महीने पहले ₹1960 के भाव पर जारी हुआ यह शेयर टूटकर अपने इश्यू प्राइस से 11% से अधिक नीचे आ गया। आज बीएसई पर यह 2.07% की गिरावट के साथ ₹1777.20 पर बंद हुआ है। इंट्रा-डे में यह 4.34% फिसलकर ₹1736.00 तक आ गया था।
Hyundai Motor India के शेयरों पर Iran-US War का साया
पश्चिमी एशिया में ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच चल रही लड़ाई ने बड़े पैमाने पर सप्लाई चेन को प्रभावित किया है जिसकी आंच ऑटो समेत कई सेक्टर्स पर पड़ी है। ऑटोमोबाइल सेक्टर में ओवरऑल लागत का करीब 50-55% हिस्सा स्टील का होता है जिसके भाव लगभग स्थिर बने हुए हैं लेकिन एलुमिनियम की कीमतें रॉकेट की स्पीड से ऊपर चढ़ी हैं। इसके अलावा ऑटो सेक्टर की कुल लागत में 3-5% हिस्सा भाड़े का होता है जोकि इंश्योरेंस प्रीमियम बढ़ा है। डॉलर की तुलना में रुपये की कमजोरी ने भी ऑटो सेक्टर पर दबाव बनाया है। इन वजहों से हुंडई मोटर इंडिया के शेयर फिसल गए।
अब तक कैसी रही शेयरों की चाल?
हुंडई का ₹27,859 करोड़ का रिकॉर्डतोड़ आईपीओ 15-17 अक्टूबर 2024 को खुला था और इसे 2.37 गुना बोली मिली थी जिसमें खुदरा निवेशकों का हिस्सा तो महज 50% ही भर पाया था। 22 अक्टूबर 2024 को करीब डेढ़ फीसदी डिस्काउंट पर एंट्री के बाद छह महीने बाद 7 अप्रैल 2025 को यह ₹1,542.95 के रिकॉर्ड निचले स्तर पर आ गया। इस निचले स्तर पर यह संभला और धीरे-धीरे रिकवरी की कोशिश की और पांच ही महीने में 87.28% उछलकर 22 सितंबर 2025 को ₹2,889.65 के रिकॉर्ड हाई पर पहुंच गया। हालांकि शेयरों की तेजी यहीं थम गई और फिलहाल यह आईपीओ प्राइस के भी नीचे है।
चार्ट पर हुंडई मोटर इंडिया अहम मूविंग एवरेजेज के नीचे है और साथ ही यह ओवरसोल्ड जोन में भी आ गया है। चार्ट पर इसका आरएसआई 24 है और इसके 30 के नीचे आने का मतलब होता है कि स्टॉक ओवरसोल्ड है। इसे कवर करने वाले 29 एनालिस्ट्स में 24 ने इसे खरीदारी की रेटिंग दी है तो 3 ने होल्ड और 5 ने सेल रेटिंग।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।