आप डी मार्ट (DMart) और कंपनी के फाउंडर राधाकिशन दमानी (Radhakishan Damani) का नाम खूब सुने होंगे। एक समय दमानी मुकेश अंबानी के बाद देश के सबसे अमीर शख्स थे, जो अब चौथे नंबर पर हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं देश का सबसे अमीर CEO कौन है? नाम है- नविल नोरोन्हा, जो DMart की मूल कंपनी एवेन्यू सुपरमार्ट्स लिमिटेड के सीईओ हैं।
5,146 करोड़ रुपये की कुल संपत्ति के साथ नविल नोरोन्हा वर्तमान में देश के सबसे अमीर CEO बन गए हैं। एवेन्यू सुपरमार्ट्स वही कंपनी है जो डी मार्ट के स्टोर्स चलाती है। देशभर में कंपनी के 200 से अधिक स्टोर्स हैं।
मुंबई के रहने वाले नविल नोरोन्हा एक ऐसे अमीर आदमी हैं जो काफी लो प्रोफाइल के हैं। उनके बारे में दिलचस्प बात यह है कि वह न कोई टेक दिग्गज हैं और न कोई बैंकर। उन्होंने किसी IIT या IIM से डिग्री हासिल नहीं की है, लेकिन आज पारंपरिक ग्रॉसरी बिजनेस के बूते देश के सबसे अमीर सीईओ बन गए हैं।
उन्होंने नरसी मोंजी इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज (NMIMS) से मैनेजमेंट की डिग्री हासिल करने से पहले एसआईईएस कॉलेज ऑफ आर्ट्स, साइंस एंड कॉमर्स से साइंस में ग्रेजुएशन की पढ़ाई की। DMart में एंट्री से पहले नोरोन्हा ने हिंदुस्तान यूनिलीवर के साथ काम किया।
एचयूएल में अपने 8 साल के कार्यकाल में वह डी मार्ट के प्रमोटर के संपर्क में आए। नोरोन्हा ने कथित तौर पर शुरुआत से ही दमानी को प्रभावित किया और 2004 में DMart के संस्थापक द्वारा कंपनी के नए हेड ऑफ बिजनेस के रूप में लाया गया। नविल नोरोन्हा को एक विनम्र सीईओ होने के कारण बिजनेस सर्कल में काफी सराहा जाता है।
सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।
