पब्लिक सेक्टर की इंडियन बैंक (Indian Bank) ने शुक्रवार को कहा कि उसने अपने डिजिटल सप्लाई-चेन फाइनेंस प्लेटफॉर्म के जरिये इनवेंट्री फाइनेंसिंग समाधान पेश करने के लिए टाटा मोटर्स लिमिटेड (Tata Motors Ltd) की सहायक कंपनियों के साथ साझेदारी की है। टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स लिमिटेड (Tata Motors Passenger Vehicles Ltd) और टाटा पैसेंजर इलेक्ट्रिक मोबिलिटी लिमिटेड (Tata Passenger Electric Mobility Ltd) के साथ सहयोग के रूप में इंडियन बैंक इलेक्ट्रिक और पैसेंजर व्हीकल डिवीजन के लिए अधिकृत डीलरों को इनवेंट्री फाइनेंसिंग समाधान प्रदान करेगा।
इंडियन बैंक के कार्यकारी निदेशक आशुतोष चौधरी (Indian Bank Executive Director Ashutosh Choudhury) ने कहा, "ऑटोमोटिव क्षेत्र में अग्रणी कंपनी टाटा मोटर्स के साथ साझेदारी करके हमें खुशी हो रही है। उन्होंने कहा कि 5,819 शाखाओं और 10 करोड़ से अधिक ग्राहकों का भरोसा जीतने वाला इंडियन बैंक तेजी से अपनी विकास यात्रा को बढ़ाने वाले टाटा मोटर्स लिमिटेड को फाइनेंसिंग समाधान प्रदान करने के लिए अच्छी स्थिति में है।"
उन्होंने कहा, इंडियन बैंक सप्लाई-चेन फाइनेंस टाटा मोटर्स लिमिटेड के डीलरों को उनके कारोबार को बढ़ाने के लिए अनुकूल शर्तों पर वर्किंग कैपिटल फाइनेंस प्रदान करेगा।
टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल लिमिटेड के उपाध्यक्ष रमेश दोराईराजन (Tata Motors Passenger Vehicle Ltd Vice President Ramesh Dorairajan) ने कहा, "हम अपने अधिकृत यात्री वाहन डीलरों के लिए इस फाइनेंसिंग प्रोग्राम के लिए इंडियन बैंक के साथ जुड़कर बेहद उत्साहित हैं।" बैंक की तरफ से जारी एक बयान में कहा गया है कि टाटा मोटर्स के साथ एमओयू पर हस्ताक्षर करना इंडियन बैंक द्वारा अपने डिजिटल सप्लाई-चेन फाइनेंस प्लेटफॉर्म के जरिये सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों को लोन देने की दिशा में एक बड़ा कदम है। बयान में कहा गया है कि इसके जरिये सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों (micro, small, and medium enterprises) के लिए आसानी से लोन की सुविधा उपलब्ध कराई जायेगी।
डिस्क्लेमर: (यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।)