भारतीय अरबपतियों की संपत्ति में जबरदस्त उछाल, मुकेश अंबानी फिर से 100 अरब डॉलर के क्लब में शामिल

भारतीय अरबपतियों की संपत्ति में पिछले एक महीने में जबरदस्त उछाल देखी गई है। शेयर बाजार में मार्च के मध्य से शुरू हुई तेजी के चलते कई उद्योगपतियों की दौलत में लाखों करोड़ों रुपये का इजाफा हुआ है। इस उछाल के सबसे बड़े लाभार्थी बने रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी, जिनकी संपत्ति एक बार फिर 100 अरब डॉलर के पार पहुंच गई है

अपडेटेड Apr 30, 2025 पर 2:50 PM
Story continues below Advertisement
मुकेश अंबानी की संपत्ति मार्च के निम्नतम स्तर 81 अरब डॉलर से लगभग 20 अरब डॉलर बढ़कर 100 अरब डॉलर के पार पहुंच गई

भारतीय अरबपतियों की संपत्ति में पिछले एक महीने में जबरदस्त उछाल देखी गई है। शेयर बाजार में मार्च के मध्य से शुरू हुई तेजी के चलते कई उद्योगपतियों की दौलत में लाखों करोड़ों रुपये का इजाफा हुआ है। इस उछाल के सबसे बड़े लाभार्थी बने रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी, जिनकी संपत्ति एक बार फिर 100 अरब डॉलर के पार पहुंच गई है। ब्लूमबर्ग के आंकड़ों की मनीकंट्रोल की ओर से की गई एनालिसिस के मुताबिक, मुकेश अंबानी की संपत्ति मार्च के निम्नतम स्तर 81 अरब डॉलर से लगभग 20 अरब डॉलर बढ़कर 100 अरब डॉलर से अधिक हो गई। इस उछाल के साथ अंबानी अब दुनिया के 16 सबसे अमीर लोगों में फिर से शामिल हो गए हैं।

शेयर बाजारों में इस साल की शुरुआत में आए भारी गिरावट के चलते, मुकेश अंबानी की संपत्ति 4 मार्च 2025 को घटकर 81 अरब डॉलर के निचले स्तर पर पहुंच गई थी। लेकिन इसके बाद रिलायंस इंडस्ट्रीज और जियो फाइनेंशियल सर्विसेज के शेयरों में मार्च के निचले स्तर से क्रमशः 25% और 29% की शानदार तेजी आई, जिसने उनकी संपत्ति को 100 अरब डॉलर के पार पहुंचा दिया। हालांकि उनका मौजूदा नेटवर्थ अभी भी उनके 8 जुलाई 2024 को दर्ज की गई 120.8 अरब डॉलर के स्तर से लगभग 20% नीचे है।

गौतम अदाणी ने भी की जोरदार वापसी

भारत के दूसरे सबसे अमीर व्यक्ति गौतम अदाणी की संपत्ति में भी इस दौरान 14.5 अरब डॉलर की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे उनकी कुल नेटवर्थ अब 77.5 अरब डॉलर हो गई है। हालांकि, यह अभी भी उनके 3 जून 2024 को देखी गई 120.8 अरब डॉलर के स्तर से 57% कम है।


इन अरबपतियों की भी संपत्ति में जोरदार उछाल

सन फार्मास्युटिकल के प्रमोटर दिलीप सांघवी की संपत्ति मार्च के निचले स्तर से 4.9 अरब डॉलर से अधिक बढ़कर 28.8 अरब डॉलर पर पहुंच गई। यह अब उनके ऑलटाइम हाई नेटवर्थ से सिर्फ 10% कम है। वहीं भारती एयरटेल के मालिक सुनील मित्तल की संपत्ति मार्च के निचले स्तर से 4.9 अरब डॉलर से अधिक बढ़कर 27.4 अरब डॉलर पर पहुंच गई। यह उनके ऑलटाइम हाई नेटवर्थ से अब सिर्फ 1% कम है।

डीमार्ट के प्रमोटर राधाकिशन दमानी की संपत्ति मार्च के निचले स्तर से 4.8 अरब डॉलर बढ़कर 31.7 अरब डॉलर पर पहुंच गई। भारत की सबसे अमीर महिला सावित्री जिंदल की संपत्ति मार्च के निचले स्तर से 4.6 अरब डॉलर बढ़कर 36.4 अरब डॉलर हो गई। वहीं HCL टेक के फाउंडर शिव नादर की संपत्ति इस दौरान 4.5 अरब डॉलर बढ़कर 22.8 अरब डॉलर पर पहुंच गई। दमानी अपने रिकॉर्ड उच्च स्तर से 27 प्रतिशत नीचे हैं, जिंदल 16 प्रतिशत दूर हैं, और नादर अपने शिखर से 18 प्रतिशत पीछे हैं।

कुछ उद्योगपतियों की संपत्ति रिकॉर्ड स्तर पर पहुंची

आर्सेलर मित्तल के चेयरमैन लक्ष्मी मित्तल और कोटक महिंद्रा बैंक के पूर्व मैनेजिंग डायरेक्टर उदय कोटक की संपत्ति अब अपने रिकॉर्ड उच्चतम स्तर पर पहुंच गई है। लक्ष्मी मित्तल की संपत्ति अब 22.8 अरब डॉलर हो गई है। वहीं उदय कोटक की संपत्ति 16.6 अरब डॉलर पर पहुंच गई है।

कई बड़े नाम भी अब भी पीछे

हालांकि दूसरी ओर, कई अरबपति अब भी अपने रिकॉर्ड नेटवर्थ के स्तर से काफी नीचे हैं। जाइडस लाइफसाइंसेज के पंकज पटेल और DLF के केपी सिंह दोनों की ही संपत्ति उनके उच्चतम स्तर 12.3 अरब डॉलर और 20.9 अरब डॉलर से लगभग 45 प्रतिशत नीचे हैं। सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया के चेयरमैन साइरस पूनावाला की संपत्ति भी उनके शिखर से 27 प्रतिशत नीचे हैं, जबकि मैक्रोटेक डेवलपर्स के मंगल प्रभात लोढ़ा और ब्रिटानिया इंडस्ट्रीज के नुस्ली वाडिया दोनों की संपत्ति उनके उच्चतम स्तर से लगभग 22 प्रतिशत नीचे हैं।

Indian Billionaires Gain_revise

यह भी पढ़ें- Stock Market News: Q4 में 99.7% गिरा मुनाफा, शॉक में 7% टूटे शेयर, आपके पोर्टफोलियो में है?

डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल, नेटवर्क18 समूह का एक हिस्सा है। नेटवर्क18 को इंडिपेंडेंट मीडिया ट्रस्ट द्वारा नियंत्रित किया जाता है, जिसकी एकमात्र लाभार्थी रिलायंस इंडस्ट्रीज है।

डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।