IT Stocks Shine: आईटी शेयरों के दम पर आज शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी में अच्छी बढ़त दिखी थी। इंफोसिस (Infosys), टीसीएस (TCS) और एचसीएलटेक (HCLTech) के दम पर आईटी सेक्टर में शानदार रौनक आई। आज 15 सितंबर को कारोबार शुरू होने के कुछ ही मिनट में निफ्टी आईटी की कंपनियों का मार्केट कैप करीब ₹1.2 लाख करोड़ बढ़ गया, जिसमें से ₹85 हजार करोड़ से अधिक का इजाफा तो सिर्फ इंफोसिस, टीसीएस और एचसीएलटेक में मिलाकर हुआ।
कई बड़ी एआई कंपनियों के मालिकों ने एआई के रेस की रफ्तार थोड़ा कम करने की बात कही। इससे निवेशकों में यह उम्मीद जगी कि एआई का ट्रेडिशनल सॉफ्टवेयर और आउटसोर्सिंग बिजनेस पर असर आने में अभी अधिक समय लग सकता है। इसका असर अमेरिकी शेयर बाजार में भी देखने को मिला। सोमवार को अमेरिकी मार्केट में इंफोसिस एडीआर 4.8% और विप्रो एडीआर 5.5% चढ़ गया तो अमेरिका में काम करने वाली सॉफ्टवेयर सर्विसेज कंपनियों कॉग्निजेंट, एसेंचर और सर्विसनाऊ के शेयरों में भी सोमवार को करीब 6% से 7% तक की तेजी आई।
क्या कहना है एआई कंपनियों के मालिकों का?
एंथ्रॉपिक (Anthropic) के सीईओ डेरियो एमोडेई (Dario Amodei) ने एआई कंपनियों से अपील की है कि वे अधिक काबिल मॉडल बनाने की रफ्तार को कम करें। उनकी इस अपील को चैटजीपीटी (ChatGPT) की ओपनएआई (OpenAI) के सीईओ सैम आल्टमैन (Sam Altman) और टेस्ला (Tesla) के मालिक एलॉन मस्क (Elon Musk) का भी सपोर्ट मिला है। डेरियो का कहना है कि वह एआई की ट्रेनिंग या टेक्निकल प्रोग्रेस को रोकने की बात नहीं कर रहे हैं बल्कि वह चाहते हैं कि कंपनियां सेफ्टी को लेकर अधिक समय दें और थर्ड पार्टी से जांच करवाएं।
यह बहस ऐसे समय में हो रही है जब एआई सिस्टम को काबू में रखने की क्षमता को लेकर चिंताएं बढ़ रही हैं। एंथॉरोपिक ने हाल ही में ऐसे मामलों का ज़िक्र किया है जिनमें उसके क्लाउड (Claude) मॉडल्स का इस्तेमाल हथियार बनाने, साइबर ऑपरेशन, निगरानी और धोखाधड़ी जैसे कामों के लिए किया गया था। ओपनएआई ने भी अगस्त में कुछ एडवांस्ड मॉडल्स की ट्रेनिंग धीमी कर दी थी और सेफ्टी के मानकों को मजबूत किया था, क्योंकि उसके एआई एजेंट्स ने सुरक्षा घेरे को तोड़कर टेक्नोलॉजी स्टार्टअप हगिंग फेस (Hugging Face) को हैक कर लिया था। कंपनी ने यह भी ऐलान किया है कि उसका ध्यान अब फिलहाल आईपीओ लाने की बजाय सेफ्टी को मजबूत करने पर है। वैसे एआई की स्पीड को सुस्त करने की अपील का अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने विरोध किया है और उनका कहना है कि अमेरिका को चीन पर अपनी बढ़त बनाए रखने की जरूरत है।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।