IndiGo Shares Price: दिग्गज एविएशन कंपनी इंडिगो की पैरेंट कंपनी इंटरग्लोब एविएशन के शेयरों में आज बिकवाली का ऐसा दबाव आया कि यह 5% से अधिक टूट गया। पीएम मोदी ने वैश्विक स्तर पर बढ़ती आर्थिक अनिश्चितता के बीच देशवासियों से तेल की खपत कम करने, बिना जरूरत विदेशी सफर टालने और घरेलू खर्चों को प्राथमिकता देने का आग्रह किया तो इंडिगो के शेयरों पर दबाव पड़ा। इसके अलावा ईरान और अमेरिका के बीच शांति समझौते पर सहमति नहीं बनने पर कच्चे तेल के भाव में उछाल के चलते भी इंडिगो के शेयरों पर दबाव पड़ा। आज बीएसई पर यह 4.69% की गिरावट के साथ ₹4310.00 पर बंद हुआ है। इंट्रा-डे में यह 5.43% टूटकर ₹4,276.80 तक आ गया था।
रविवार को हैदराबाद के परेड ग्राउंड में एक जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने भारत को वैश्विक आर्थिक चुनौतियों से निपटने में मदद करने के लिए "राष्ट्रीय तौर पर जिम्मेदार" जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। अपने लगभग 30 मिनट के भाषण में प्रधानमंत्री ने आम लोगों से मेट्रो, बसों जैसे पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करके पेट्रोल और डीजल की खपत कम करने, कार-पूलिंग अपनाने, रेलवे से माल ढुलाई करने और इलेक्ट्रिक वाहनों को अपनाने का आग्रह किया।
IndiGo पहले ही महंगा कर चुकी है टिकट
ईरान और अमेरिका के बीच चल रही जंग ने दुनिया भर में खलबली मचा रखी है। इसके चलते एटीएफ (एविएशन टर्बाइन फ्यूल) यानी जेट फ्यूल महंगा हो गया। इससे निपटने के लिए देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो ने पिछले महीने देशी-विदेशी फ्लाइट्स टिकट्स में फ्यूल सरचार्ज में बदलाव किया था। घरेलू फ्लाइट्स के मामले में इंडिगो ने ₹425 के फ्लैट फ्यूल सरचार्ज के सिस्टम को बदलकर इसे दूरी के हिसाब से कर दिया जिसके बाद अब यात्रियों को दूरी के हिसाब से ₹275 से लेकर ₹950 तक का फ्यूल सरचार्ज देना पड़ता है। विदेशी फ्लाइट्स के भी फ्यूल सरचार्ज में तेज बढ़ोतरी की गई है। हालांकि देश में एटीएम की कीमतें बढ़ी हैं लेकिन सरकार और तेल बेचने वाली सरकारी कंपनियों ने शेड्यूल्ड डोमेस्टिक एयरलाइंस पर इस बढ़ोतरी का एक हिस्सा ही लागू करने का विकल्प चुना।
एक साल में कैसी रही शेयरों के शेयरों की चाल?
इंडिगो के शेयरों ने निवेशकों को तगड़ा शॉक दिया है। पिछले साल 18 अगस्त 2025 को बीएसई पर यह ₹6,225.05 के भाव पर था जोकि इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड हाई लेवल है। इस हाई लेवल से 7 महीने में यह 37.43% टूटकर 23 मार्च 2026 को ₹3,894.80 पर आ गया जोकि इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड निचला स्तर है।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।