Indus Towers Share Price: वोडाफोन आइडिया के फॉलो-ऑन पब्लिक ऑफर (Vodafone Idea FPO) के चलते इंडस टावर्स (Indus Towers) के शेयर फोकस में आ गए हैं। मंगलवार 23 अप्रैल को इंडस टावर्स के शेयर 3.09 फीसदी उछलकर 360.60 रुपये के भाव पर बंद हुए। दिन के कारोबार के दौरान तो यह 4 फीसदी से अधिक उछल गया था। कंपनी के शेयरों में यह तेजी ब्रोकरेज फर्म सीएलएसए (CLSA) की एक रिपोर्ट के बाद आई है। CLSA ने इंडस टावर्स की रेटिंग को बढ़ाकर 'Buy' कर दिया है। साथ ही इसके टारगेट प्राइस को भी 335 रुपये प्रति शेयर से बढ़ाकर 450 रुपये कर दिया है।
ब्रोकरेज के मुताबिक, वोडाफोन आइडिया के फंड जुटाने और 4G और 5G टेक्नोलॉजी के लिए लगभग 48,000 साइट्स को जोड़ने की योजना से इंडस टावर्स को काफी लाभ हो सकता है। ब्रोकरेज ने कंपनी के लिए साल 2025 और 2026 अनुमानों को भी बढ़ा दिया है, जिसमें 24,000 अतिरिक्त टेननेंसी को भी शामिल किया गया है। ब्रोकरेज ने कहा कि 2026 में इसका EBITDA ग्रोथ बढ़कर 10 प्रतिशत हो सकता है।
इंडस्ट्री के अनुमानों के मुताबिक, वोडाफोन आइडिया पर इंडस टावर्स का करीब 7,000 करोड़ रुपये बकाया है। ब्रोकरेज ने यह भी कहा कि वोडाफोन आइडिया ने 5,700 करोड़ रुपये का जो पिछला बकाया सेटल किया है, उससे इसके शेयर के भाव में 21 रुपये का इजाफा होना चाहिए।
इस बीच वोडाफोन आइडिया का FPO आखिरी दिन 6.36 गुना सब्सक्रिप्शन के साथ बंद हुआ। निवेशकों ने करीब 8,011.80 करोड़ के इक्विटी शेयर के लिए बोलिया लगाईं। FPO के जरिए, टेलीकॉम कंपनी ने 1,260 करोड़ शेयरों को बिक्री के लिए रखा था। FPO से कंपनी को 18,000 करोड़ रुपये की पूंजी मिलेगी। वोडाफोन आइडिया ने विभिन्न स्रोतों से 45,000 करोड़ रुपये जुटाने की योजना बनाई है। यह FPO भी इसी योजना का हिस्सा है।
इंडस टावर्स के शेयरों ने पिछले एक साल में 150 से अधिक का शानदार मल्टीबैगर रिटर्न दिया है। हालांकि CLSA का कहना है कि कंपनी अभी भी अपने ग्लोबल समकक्षों के मुताबिक, 60 फीसदी डिस्काउंट पर कारोबार कर रही है, जो इसे निवेश के लिए आकर्षक दांव बनाता है।
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।